Crime

हर नक्सली का विवरण हमारे पास है, आत्मसमर्पण करें या अंजाम भुगतने को तैयार रहें” – बोकारो मुठभेड़ पर DGP अनुराग गुप्ता का सख्त संदेश

न्यूज़ लहर संवाददाता
रांची:झारखंड के बोकारो जिले के लुगु हिल्स क्षेत्र में सोमवार सुबह सुरक्षा बलों को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली। झारखंड पुलिस, झारखंड जगुआर (JJ) और CRPF के संयुक्त ऑपरेशन में 8 माओवादी मारे गए। मुठभेड़ के बाद झारखंड के पुलिस महानिदेशक (DGP) अनुराग गुप्ता ने कहा, “आज हमारे पास राज्य के हर नक्सली का हर विवरण और ठिकाना है। जो हथियार लेकर घूम रहे हैं, वे या तो आत्मसमर्पण करें या परिणाम भुगतने को तैयार रहें।”

बोकारो जिले के लुगु हिल्स क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई, जो लगभग डेढ़ से दो घंटे तक चली। इस अभियान में आठ माओवादी ढेर कर दिए गए। मारे गए नक्सलियों में तीन शीर्ष स्तर के कुख्यात नक्सली शामिल हैं—विवेक उर्फ प्रयाग माझी (जिस पर एक करोड़ रुपये का इनाम था), अरविंद यादव और साहेबराम माझी।

डीजीपी अनुराग गुप्ता ने मुठभेड़ की जानकारी देते हुए बताया कि घटनास्थल से चार INSAS राइफल और एक SLR समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा, “यह ऑपरेशन माओवाद के खिलाफ हमारी रणनीति और तैयारी का उदाहरण है। यह एक स्पष्ट चेतावनी है उन लोगों के लिए, जो अब भी बंदूक लेकर जंगलों में छिपे हुए हैं। यदि वे शांति चाहते हैं और मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं, तो राज्य सरकार की आत्मसमर्पण नीति का लाभ उठाएं।”

गृह मंत्रालय ने भी इस अभियान की सराहना करते हुए एक बयान में कहा, “नक्सलवाद को खत्म करने की हमारी मुहिम निरंतर जारी है। आज झारखंड के बोकारो में लुगु हिल्स में मुठभेड़ में 8 माओवादी मारे गए। यह अभियान नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में एक और बड़ी सफलता है।”

ऑपरेशन के बाद इलाके में सर्च अभियान जारी है। अधिकारियों को आशंका है कि वहां और भी नक्सली छिपे हो सकते हैं। सुरक्षाबलों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि झारखंड अब माओवादियों के लिए सुरक्षित पनाहगाह नहीं रहा।

Related Posts