Regional

पृथ्वी दिवस पर आनंद मार्ग ने बांटे 100 से अधिक पौधे

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:जमशेदपुर में पृथ्वी दिवस के अवसर पर जमशेदपुर में पर्यावरण संरक्षण की अनूठी मिसाल पेश की गई। आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल और PCAP की ओर से आयोजित कार्यक्रम में 100 से अधिक पौधों का नि:शुल्क वितरण किया गया।
जमशेदपुर के सोनारी कबीर मंदिर परिसर और गदरा आनंद मार्ग जागृति केंद्र में पृथ्वी दिवस पर विशेष आयोजन कर ‘पृथ्वी बचाओ अभियान’ चलाया गया। इस अवसर पर सुबह 6 बजे से 9 बजे तक विभिन्न प्रजातियों के पौधे वितरित किए गए। आयोजन का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जनसामान्य में पेड़-पौधों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना था।

आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल और Prevention of Cruelty to Animals and Plants (PCAP) जमशेदपुर पिछले 15 वर्षों से पर्यावरण सेवा के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। इस अवधि में अब तक लगभग 1.5 लाख पौधे आम लोगों के बीच वितरित किए जा चुके हैं। संस्था का मानना है कि जब तक मनुष्य पेड़-पौधों, जीव-जंतुओं को अपने परिवार का सदस्य नहीं मानेगा, तब तक प्रकृति का संतुलन नहीं बन सकता।

कार्यक्रम में नव्य मानवतावाद के सिद्धांत को भी प्रमुखता दी गई, जिसमें पृथ्वी को एक साझा परिवार मानने की अपील की गई। इसमें बताया गया कि सभी प्राणी, पौधे और मनुष्य पृथ्वी रूपी एक ही परिवार के हिस्से हैं और मनुष्य का कर्तव्य है कि वह इस पूरे जैविक समुदाय की रक्षा करे।

आनंद मार्ग के सदस्यों ने लोगों से आग्रह किया कि वे न केवल पौधे लगाएं, बल्कि उनकी देखभाल को भी जीवन का हिस्सा बनाएं। पेड़-पौधे ही पृथ्वी के असली रक्षक हैं और उनका संरक्षण ही पर्यावरणीय संकट से निपटने का एकमात्र रास्ता है।

Related Posts