Regional

बड़ौदा घाट पर ठप पड़ी जलापूर्ति योजना, 11 वर्षों बाद भी अधूरा कार्य देख भड़के सुबोध झा

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:जमशेदपुर के बागबेडा ग्रामीण जलापूर्ति योजना के अंतर्गत बड़ौदा घाट में पाइपलाइन पार करने के लिए बनाए जा रहे 23 पाया निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण आज बागबेडा महानगर विकास समिति के अध्यक्ष एवं आंदोलनकारी सुबोध झा के नेतृत्व में समिति के सदस्यों ने किया।

निरीक्षण के दौरान सुबोध झा ने स्पष्ट कहा कि बड़ौदा घाट में किसी प्रकार का कार्य फिलहाल नहीं चल रहा है।

उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों से बातचीत में यह सामने आया कि ठेकेदार के मजदूरों का कहना है उन्हें मजदूरी नहीं दी जा रही, जिस कारण कार्य रुका हुआ है।

सुबोध झा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि 237 करोड़ रुपये की लागत से शुरू की गई यह जलापूर्ति योजना 11 वर्षों में भी पूरी नहीं हो पाई है और यह राशि भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है। उन्होंने बताया कि झारखंड हाई कोर्ट के आदेश पर भारत सरकार के जल जीवन मिशन के तहत इस अधूरी योजना को पूर्ण करने के लिए 50 करोड़ 58 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई।

उन्होंने यह भी याद दिलाया कि 26 जुलाई 2024 को घर-घर जलापूर्ति सुनिश्चित करने हेतु एग्रीमेंट हुआ था, लेकिन आज 23 अप्रैल 2025 तक भी योजना अधूरी है। कार्य की सुस्त रफ्तार और प्रशासनिक उदासीनता को लेकर सुबोध झा ने चिंता जताई और चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे बड़े आंदोलन की राह पर जाएंगे।

Related Posts