Crime

जैप-6 कैंप में तैनात जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, हार्ट अटैक की आशंका

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:जमशेदपुर के सोनारी स्थित झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप)-6 कैंप में ड्यूटी पर तैनात एक जवान की अचानक मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जवान की मृत्यु हार्ट अटैक से होने की आशंका जताई जा रही है। इस घटना से पुलिस बल में शोक की लहर है।
सोनारी सीएच एरिया के पास स्थित जैप-6 कैंप में गुरुवार सुबह एक जवान बेहोशी की हालत में पाया गया। उसकी पहचान गिरीडीह निवासी 40 वर्षीय बिपिन कुमार यादव के रूप में हुई है। बिपिन कुमार हाल ही में गालूडीह से ड्यूटी पूरी कर वापस सोनारी कैंप लौटे थे। बताया जाता है कि बुधवार रात वह सामान्य रूप से खाना खाकर सोने गया था, लेकिन रात में उसे बेचैनी महसूस हो रही थी और वह ठीक से सो नहीं पाया।

सुबह जब अन्य जवानों ने उसे बेहोश पाया तो तत्काल उसे एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और प्रारंभिक जांच में मृत्यु का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है।

बिपिन की अचानक मौत से जैप-6 कैंप में मातम पसरा हुआ है। साथी जवानों ने बताया कि वह स्वस्थ और कर्तव्यनिष्ठ जवान था, उसकी यूं अचानक मृत्यु से सभी सदमे में हैं। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु के सही कारण की पुष्टि हो सकेगी।

Related Posts