Regional

ट्रैफिक पुलिस की मनमानी के खिलाफ आजसू का हस्ताक्षर अभियान: दूसरा दिन भी जनता का मिला भारी समर्थन

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:जमशेदपुर में ट्रैफिक पुलिस की मनमानी और आम नागरिकों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार के खिलाफ आजसू पार्टी द्वारा चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान का दूसरा दिन बुधवार को संपन्न हुआ। यह अभियान आजसू पार्टी जिला समिति पूर्वी सिंहभूम के अध्यक्ष कन्हैया सिंह के नेतृत्व में गोबिंदपुर स्थित अन्ना चौक पर आयोजित किया गया।

इस हस्ताक्षर अभियान में कुल 2756 लोगों ने अपने नाम, पता और मोबाइल नंबर के साथ भाग लिया। सभी हस्ताक्षरित लोगों की ओर से एक ज्ञापन तैयार किया गया है, जिसे जल्द ही मुख्यमंत्री और उपायुक्त को सौंपा जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने कहा, “शहर में ट्रैफिक पुलिस द्वारा आम जनता के साथ की जा रही ज्यादती किसी से छुपी नहीं है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के साथ दुर्व्यवहार और उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ी हैं। आज अन्ना चौक पर उमड़ी भीड़ इस बात का प्रमाण है कि जनता अब चुप बैठने को तैयार नहीं है। आजसू पार्टी इस अन्याय को किसी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी।”

उन्होंने यह भी कहा कि जनता से मिल रहे समर्थन से पार्टी का मनोबल बढ़ा है और यह अभियान लगातार जारी रहेगा। “जरूरत पड़ने पर इसे राज्यव्यापी आंदोलन का रूप दिया जाएगा,” उन्होंने स्पष्ट रूप से ऐलान किया।

इस मौके पर पार्टी के केंद्रीय महासचिव डोमन टुडू ने भी राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “वर्तमान सरकार जनहित के मुद्दों से मुंह मोड़ रही है। राज्य में अपराध बढ़ते जा रहे हैं और पुलिस के माध्यम से सरकार अवैध वसूली कर रही है। लेकिन ध्यान रहे, आजसू पार्टी चुप बैठने वाली नहीं है।”

इस अभियान में कई प्रमुख नेताओं ने हिस्सा लिया, जिनमें संजय मलाकार, संजय सिंह, अप्पू तिवारी, चन्द्रशेखर पांडेय, मृत्युंजय सिंह, शंभू सरवन, मुकद्दर सिंह, सुधीर सिंह, रामाशीष सिंह, अजय सिंह भोला, सरोज सिंह, संगीता कुमारी, प्रमिला शर्मा, नीलू सिंह, सोनका सरदार, पुष्पा देवी, लक्ष्मी देवी सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल थे।

आजसू पार्टी के इस अभियान को मिल रहे जनसमर्थन से यह स्पष्ट है कि शहर की जनता अब ट्रैफिक पुलिस की मनमानी के खिलाफ एकजुट हो चुकी है और बदलाव की मांग जोर पकड़ रही है।

Related Posts