चाईबासा में डॉ. रामेश्वर उरांव ने दिया विकास का भरोसा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोहदगा विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव का शनिवार को चाईबासा पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने राज्य में विकास को नई गति देने और जनता से किए वादों को निभाने का संकल्प दोहराया।
झारखंड के पूर्व वित्त मंत्री एवं कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव के चाईबासा आगमन पर शनिवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। परिसदन परिसर में कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर दास और प्रवक्ता त्रिशानु राय ने उन्हें पारंपरिक अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर हुई शिष्टाचार भेंट के दौरान कांग्रेस नेताओं ने डॉ. उरांव से जनहित के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, सरकार द्वारा चलाए जा रहे विकास कार्यों तथा भावी योजनाओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि जनता ने एक बार फिर महागठबंधन पर भरोसा जताया है और सरकार इस भरोसे पर पूरी तरह खरी उतरने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं को और तेज किया जाएगा। साथ ही चुनावी घोषणा पत्र में शामिल सात गारंटियों को हर हाल में पूरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि झारखंड में अब विकास के मायने बदलेंगे। सरकार राज्य के सुदूर इलाकों तक विकास की लंबी लकीर खींचने का काम करेगी ताकि हर नागरिक को प्रगति और कल्याण का प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।