जमशेदपुर में भगवान परशुराम जयंती पर ब्राह्मण शक्ति दिवस मनाया गया, सैकड़ों की संख्या में समाज के लोगों ने लिया भाग

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:जमशेदपुर में आज झारखंड ब्राह्मण शक्ति संघ के तत्वावधान में बाराद्वारी स्थित विश्वकर्मा भवन में भगवान परशुराम जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम को ब्राह्मण शक्ति दिवस के रूप में मनाया गया। समारोह की अध्यक्षता संघ के केन्द्रीय अध्यक्ष डॉ. पवन पांडेय ने की, जबकि मंच संचालन केन्द्रीय सचिव उमलेश पाण्डेय ने किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश ब्राह्मण शक्ति संघ के महासचिव डॉ. डी.पी. शुक्ला, महिला शक्ति संघ की अध्यक्षा श्रीमती विजया वासनी पाण्डेय तथा केन्द्रीय कोषाध्यक्ष श्री संजय मिश्रा उपस्थित थे।
अपने उद्बोधन में डॉ. पवन पांडेय ने कहा कि ब्राह्मण केवल एक जाति नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति का संस्कार है। आज आवश्यकता है कि समाज के भीतर शस्त्र और शास्त्र दोनों में संतुलन बनाते हुए आत्मरक्षा के भाव को भी जागृत किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि ब्राह्मण समाज किसी स्थान से पलायन करता है, तो वह केवल ब्राह्मणों का नहीं बल्कि पूरे सनातन समाज का पलायन होता है।
डॉ. डी.पी. शुक्ला ने शिक्षा पर बल देते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी ब्राह्मण समाज के बच्चे राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हाल के यूपीएससी परिणाम में पहले 20 स्थानों में से 12 पर ब्राह्मण समाज के बच्चे चयनित हुए हैं, जो पूरे समाज के लिए गौरव की बात है। उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता जताई।
समाज के मेधावी लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को मदद देने का आह्वान किया, ताकि वे शिक्षा की राह में आगे बढ़ सकें। वहीं, श्रीमती विजया वासनी पाण्डेय ने समाज की महिलाओं को संगठित करने और उन्हें सामाजिक मंचों पर सक्रिय करने की जरूरत पर बल दिया।
कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन मिथलेश दूबे ने किया। इस अवसर पर चंद्र प्रकाश शुक्ला, संजय दूबे, सौरव ओझा, जितेन्द्र मिश्रा, अबूऺज पांडेय, बाला शंकर तिवारी, नवीन पाण्डे, मंजेश मिश्रा, कमल चौबे, नवीन शर्मा, रामाशंकर पाण्डेय, सतिश मिश्रा, धर्मेन्द्र तिवारी सहित सैकड़ों की संख्या में ब्राह्मण शक्ति संघ के सदस्य उपस्थित थे।
कार्यक्रम ने समाज में एकजुटता, शिक्षा और आत्मबल की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।