Regional

रांची में 6 मई को होगा ‘संविधान बचाओ’ राज्य स्तरीय रैली, कांग्रेस के दिग्गज नेता होंगे शामिल*

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड: देश में लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा को लेकर कांग्रेस पार्टी 6 मई 2025 (मंगलवार) को रांची के पुराना विधानसभा मैदान, धुर्वा में राज्य स्तरीय ‘संविधान बचाओ रैली’ का आयोजन करने जा रही है। रैली का शुभारंभ सुबह 11:30 बजे से होगा, जिसमें कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की उपस्थिति रहेगी।

रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, नेता विधायक दल प्रदीप यादव और उपनेता राजेश कच्छप सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

इस संबंध में कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने मंगलवार को प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि यह रैली केंद्र की मोदी सरकार द्वारा संवैधानिक संस्थाओं पर हो रहे हमलों, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को कमजोर करने, न्यायपालिका पर दबाव बनाने तथा सामाजिक-आर्थिक असमानता की अनदेखी के खिलाफ एकजुट विरोध है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, और सामाजिक न्याय की उपेक्षा अब जनता को बर्दाश्त नहीं।

राय ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी जातिगत जनगणना, पेसा कानून की पूर्ण क्रियान्वयन, वन अधिकार अधिनियम के सख्त अनुपालन, कॉन्ट्रैक्ट सेवा समाप्त करने, सरना धर्म को मान्यता देने और जल-जंगल-जमीन की रक्षा से संबंधित कानूनों के समर्थन में इस रैली को ऐतिहासिक बनाएगी।

पश्चिमी सिंहभूम जिला से इस रैली में भाग लेने के लिए जगन्नाथपुर के विधायक एवं उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु, जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रशेखर दास सहित सभी पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ता रांची रवाना होंगे और जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

Related Posts