मजदूर दिवस पर कोल्हान मजदूर यूनियन की गोष्ठी में गूंजे मजदूरों के अधिकारों की आवाज, पदयात्रा में दिखी एकजुटता

न्यूज़ लहर संवाददाता
गम्हरिया: अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर कोल्हान मजदूर यूनियन की ओर से गम्हरिया स्थित घोड़ा बाबा मंदिर परिसर में एक विशेष गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मजदूरों की समस्याओं, उनके अधिकारों तथा शोषण के विभिन्न पहलुओं पर गंभीर चर्चा हुई। गोष्ठी में बतौर मुख्य वक्ता यूनियन के संयोजक एवं पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह उपस्थित थे। उनके अलावा बीडीओ अभय द्विवेदी, डॉ. ओपी आनंद समेत कई गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।
अरविंद सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज मजदूरों को उनका हक नहीं मिल रहा है और उन्हें लगातार शोषण का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कई कंपनियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे श्रमिकों को न्यूनतम मजदूरी तक नहीं दे रही हैं और कानूनों की अवहेलना कर रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कई मजदूर संगठन मजदूरों की वास्तविक आवाज उठाने में असफल रहे हैं।
पूर्व विधायक ने जोर देकर कहा कि मजदूरों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना होगा और संगठित होकर यूनियन को मजबूत बनाना होगा। उन्होंने कहा कि सरायकेला में कई कंपनियों का बंद हो जाना सरकार की गलत नीतियों का परिणाम है। यदि सरकार श्रमिकों के हितों की रक्षा करती, तो हालात इतने खराब नहीं होते।
गोष्ठी में पीएफ, ईएसआई और वेतन विसंगतियों पर भी विचार विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि मजदूरों को इन बुनियादी अधिकारों से वंचित रखा जाना चिंताजनक है और इस पर त्वरित कदम उठाने की जरूरत है।
बीडीओ अभय द्विवेदी सहित अन्य वक्ताओं ने भी मजदूरों की समस्याओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सभी पक्षों को मिलकर उनके अधिकारों की रक्षा के लिए प्रयास करने होंगे। कार्यक्रम में आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों से आए सैकड़ों मजदूरों ने भाग लिया और संगठित संघर्ष की आवश्यकता को समझा।
कार्यक्रम के अंत में घोड़ा बाबा मंदिर परिसर से गम्हरिया ब्लॉक तक एक पदयात्रा निकाली गई। इस पदयात्रा में जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी भी शामिल हुए। पदयात्रा के दौरान गम्हरिया प्रखंड मुख्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि कोल्हान क्षेत्र मजदूरों की ताकत का प्रतीक है और मजदूरों के हक के लिए संघर्ष की यह यात्रा अब और भी मजबूत होनी चाहिए।