Regional

जमशेदपुर: अनुकंपा पर छह आश्रितों को नियुक्ति की मिली स्वीकृति, उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्थापना समिति की बैठक सम्पन्न

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर।पूर्वी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त अनन्य मित्तल की अध्यक्षता में जिला स्थापना समिति (अनुकंपा) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुल 14 अनुकंपा मामलों पर विचार किया गया, जिनमें से 6 मामलों में नियुक्ति के लिए समिति द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई।

समिति ने आवेदकों द्वारा जमा किए गए आवेदन पत्रों की विस्तृत समीक्षा की, जिसमें अभिभावकों के मृत्यु प्रमाण पत्र, परिवार के सदस्यों की जानकारी, अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) तथा संबंधित विभागों में रिक्त पदों की स्थिति को ध्यान में रखा गया। जांचोपरांत छह योग्य आवेदकों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति की स्वीकृति दी गई, जबकि शेष आवेदकों को आवश्यक त्रुटि सुधार कर दस्तावेजों की पूर्ति हेतु निर्देशित किया गया।

स्वीकृत नियुक्तियों में चार आश्रितों को वर्ग-3 तथा दो को वर्ग-4 के पदों पर नियुक्त किया गया है। वर्ग-3 में नियुक्त होने वाले आश्रितों में शामिल हैं:

1. भाष्कर दास, पुत्र स्व. कांचन कुमार दास (शिक्षक)

2. मुस्कान मार्डी, पुत्री स्व. लखिन्द्र मार्डी (आदेशपाल)

3. शंकर सिंह, आश्रित स्व. पिंकी कुमारी (लिपिक)

4. कुनाल सिंह, पुत्र स्व. दिलीप कुमार सिंह (शिक्षक)

 

वहीं, वर्ग-4 में नियुक्त किए गए आश्रित हैं:

1. रामकृष्ण सरदार, पुत्र स्व. बयार सिंह सरदार (शिक्षक)

2. दोला साहू, पत्नी स्व. गौरी शंकर साहू (कल्याण पर्यवेक्षक)

 

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम श्रीमती शताब्दी मजूमदार, अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद, जिला कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य समद, जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) मनोज कुमार समेत अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने पर बल दिया गया।

Related Posts