झारखंड बंगभाषी समन्वय समिति ने रजत जयंती के अवसर पर साकची में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया

जमशेदपुर। शहर में झारखंड बंगभाषी समन्वय समिति ने अपनी 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में साकची स्थित रविन्द्र भवन में एक भव्य और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम की शुरुआत जी बांग्ला सारेगामापा 2024 की शीर्ष प्रतियोगी सुश्री आरात्रिका सिन्हा की मधुर आवाज़ से हुई, जिन्होंने रवींद्र संगीत के साथ-साथ देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नृत्यांगना सौमी बोस और उनकी टीम ने रवींद्र संगीत पर भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम में टाटा स्टील के चीफ प्रोसेस एंड टेक्नोलॉजी अतनु रंजन पाल मुख्य अतिथि के रूप में और टैगोर सोसाइटी के महासचिव आशीष चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। समिति के अध्यक्ष श्री विकास मुखर्जी ने स्वागत भाषण में संस्था की 25 वर्षों की यात्रा और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
महासचिव संदीप सिन्हा चौधरी ने समिति के वर्तमान और भविष्य के कार्यों को विस्तार से सभी के समक्ष रखा। इस अवसर पर समिति द्वारा विगत 25 वर्षों में किए गए कार्यों का विवरण प्रस्तुत करती स्मारिका का भी विमोचन किया गया।
आरात्रिका सिन्हा ने कार्यक्रम में “कृष्ण कोली आमी तारेई बोली”, “ना मोनो लागे ना”, “आमाय प्रश्न कोरे नील ध्रुव तारा”, “कारार एई लौह कपाट”, “पथे एवार नामों साथी पथेय हबे पथ चेना”, “कदम कदम बढ़ाए जा खुशी के गीत गाए जा” जैसे गीतों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का समापन “जन गण मन” के साथ हुआ।
इस सांस्कृतिक आयोजन में विकास मुखर्जी, बंगाल क्लब के अध्यक्ष तापस मित्रा, सौम्या सेन, अंशु सरकार, नेपाल दास, संदीप सिन्हा चौधरी, पुरवी घोष, बनोश्री सरकार, अरुण विश्वास, मिहीर दास, गोबिंद मुखर्जी, सोमा घोष, दीपिका बैनर्जी, पम्पा गांगुली, सुलेखा डे सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।