राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 10 मई 2025 को* *प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मौहम्मद शाकिर ने की वन और उत्पाद विभाग के अधिकारियों के साथ आवश्यक बैठक*

न्यूज़ लहर संवाददाता
चाईबासा। पश्चिम सिंहभूम जिला स्थित चाईबासा में झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वाधान में आगामी 10 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन स्थानीय व्यवहार न्यायालय परिसर में किया जाना है, राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से लोग अपने सुलहनीय मामलों के निष्पादन के लिए प्राधिकार के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं, राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन के लिए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार चाईबासा पश्चिमी सिंहभूम, मौहम्मद शाकिर ने शुक्रवार को वन विभाग के पदाधिकारीयों और उत्पाद अधिकारियों के साथ एक बैठक आयोजित की, बैठक में उन्होंने राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का सुलह कराने हेतु प्रेरित किया और आवश्यक दिशा निर्देश भी दिया।
प्राधिकार के सचिव रवि चौधरी ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से लोग अपने वन विभाग और उत्पाद विभाग सहित बैंक ऋण, पेंशन, वित्तीय लेनदेन से जुड़े मामले, भूमि संबन्धित विवाद, वैवाहिक विवादों से संबन्धित, पारिवारिक न्यायालय से संबंधित, प्री लिटिगेशन से जुड़े मामलों, एन आई एक्ट, माप तौल के वाद आदि मामलों को प्री लिटिगेशन मोड पर मध्यस्थता के माध्यम से निष्पादन के लिए संपर्क कर सकते हैं।