Regional

कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली को लेकर जोरदार तैयारियाँ, जिला कांग्रेस ने की रणनीतिक बैठक*

 

न्यूज़ लहर संवाददाता
चाईबासा: केंद्र सरकार द्वारा संविधान की मूल आत्मा से छेड़छाड़ और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के विरोध में कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे संविधान बचाओ अभियान के तहत आगामी 6 मई 2025 को रांची के पुराने विधानसभा मैदान में राज्य स्तरीय रैली का आयोजन किया जा रहा है। इसी के मद्देनजर शनिवार को कांग्रेस कार्यालय, चाईबासा में एक तैयारी बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर दास ने की।

बैठक को संबोधित करते हुए पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस के पर्यवेक्षक एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि यह अभियान पूरे राज्य में 40 दिनों तक चलेगा। यह केवल एक राजनीतिक पहल नहीं, बल्कि लोकतंत्र की रक्षा का एक जनांदोलन है। उन्होंने कहा कि “संविधान को कमजोर करने के प्रयास किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। कांग्रेसजन घर-घर जाकर लोगों को जोड़ेंगे और इस अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देंगे।”

उन्होंने आगे कहा कि केंद्र सरकार संवैधानिक एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं को परेशान कर रही है। अब सुप्रीम कोर्ट जैसे संस्थानों पर भी टिप्पणियाँ की जा रही हैं, जो लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत हैं।

बैठक को जगन्नाथपुर के विधायक एवं झारखंड सरकार के उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि “केंद्र सरकार का उद्देश्य देश की संवैधानिक व्यवस्था को ध्वस्त कर तानाशाही स्थापित करना है, लेकिन कांग्रेस इसका डटकर विरोध कर रही है।”

विधायक सिंकु ने जातिगत जनगणना की भी चर्चा की और कहा कि “यह केवल आंकड़े इकट्ठा करने की कवायद नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय की दिशा में देश का एक ऐतिहासिक कदम है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने सड़क से संसद तक इस मुद्दे को उठाया और सरकार को झुकना पड़ा।”

बैठक में उपस्थित कांग्रेस के जिला, प्रखंड और नगर पदाधिकारियों ने रैली को सफल बनाने के लिए की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी साझा की। प्रवक्ता त्रिशानु राय ने बैठक का संचालन किया और जिला महासचिव रविंद्र बिरुवा ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।

बैठक में प्रमुख रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष सन्नी सिंकु, प्रखंड पर्यवेक्षक अशरफुल होदा, मायाधर बेहरा, बलेमा कुई, राजेश शुक्ला, अशोक बारीक, मोहन सिंह हेम्ब्रम, लियोनार्ड बोदरा, प्रीतम बांकिरा, तौहीद आलम, पुरुषोत्तम दास पान, जयप्रकाश महतो, दिकु सावैयां, संजय हेम्ब्रम, साकारी दोंगो, विजय भेंगरा, मो. सलीम, अशोक सुंडी, सुरसेन टोपनो, विक्रमादित्य सुंडी, राधा मोहन बनर्जी, बिरसा गोप, शैली शैलेन्द्र सिंकु, सहित दर्जनों वरिष्ठ कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता एवं संगठन से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

जिला कांग्रेस ने घोषणा की है कि पश्चिमी सिंहभूम जिले से हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रांची रैली में भाग लेंगे और संविधान की रक्षा हेतु इस ऐतिहासिक अभियान में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

Related Posts