Regional

श्रद्धांजलि सभा में नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई, बोकारो में पदस्थापित सर्किल इंस्पेक्टर राजीव रंजन का हुआ असामयिक निधन

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर। बोकारो के मुफस्सिल थाना में सर्किल इंस्पेक्टर के पद पर तैनात रहे जमशेदपुर निवासी राजीव रंजन को गोलमुरी पुलिस लाइन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भावभीनी विदाई दी गई। बीते दिनों हृदय गति रुकने से उनका असामयिक निधन हो गया। वे कुछ समय से बीमार थे और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत कर रहे थे।

श्रद्धांजलि सभा में सिटी एसपी कुमार शुभाशीष सहित जिले के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। सलामी परेड के साथ राजीव रंजन को सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई दी गई। सभी ने उन्हें एक ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और समाजप्रिय अधिकारी के रूप में याद किया।

झारखंड पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने राजीव रंजन को सरल, मिलनसार और समर्पित अधिकारी बताते हुए गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राजीव रंजन ने अपने कर्तव्यों को हमेशा पूरी निष्ठा के साथ निभाया।

राजीव रंजन अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां, माता-पिता और कई परिजनों को छोड़ गए हैं। श्रद्धांजलि सभा में उनकी छोटी बेटी की नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई ने पूरे माहौल को भावुक कर दिया। उनके निधन से पुलिस विभाग और समाज दोनों में शोक की लहर है।

Related Posts