डालसा सचिव रवि चौधरी ने वृद्ध आश्रम का किया दौरा, बुजुर्गों से की मुलाकात*

न्यूज़ लहर संवाददाता
चाईबासा: जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के सचिव रवि चौधरी ने बुधवार को झींकपानी स्थित संचार वृद्धा आश्रम का दौरा किया। यह दौरा झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा), रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष मौहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन में किया गया।
इस अवसर पर श्री चौधरी ने आश्रम में रह रहे लगभग 25 वृद्धजनों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना तथा उनके साथ समय बिताया। वृद्धजनों ने भी इस मुलाकात पर प्रसन्नता व्यक्त की। दौरे के दौरान डालसा के सदस्य विकास दोदराजका भी मौजूद रहे। उन्होंने बुजुर्गों के बीच मिठाइयों का वितरण किया और उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। श्री चौधरी ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं के समाधान हेतु शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
अपने संबोधन में रवि चौधरी ने कहा कि “वृद्धजन हमारे समाज के अनुभवों के स्रोत हैं। उनके मार्गदर्शन से हम जीवन की कई कठिनाइयों का समाधान पा सकते हैं। हमें अपने बुजुर्गों का सम्मान और सेवा करनी चाहिए।” उन्होंने आश्रम में पुनः आने का आश्वासन भी दिया तथा सभी वृद्धजनों के उज्ज्वल और स्वस्थ भविष्य की कामना की।
यह दौरा न सिर्फ संवेदनशीलता का प्रतीक था, बल्कि समाज में बुजुर्गों के प्रति सम्मान और सहानुभूति को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक पहल भी साबित हुआ।