डीएवी पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास से मनाई गई टैगोर जयंती* *विशेष प्रार्थना सभा में ‘एकला चलो रे’ की गूंज, विजेताओं को किया गया सम्मानित*

न्यूज़ लहर संवाददाता
चाईबासा: स्थानीय सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल, चाईबासा में शुक्रवार को कविगुरु रवीन्द्रनाथ टैगोर की जयंती पर एक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कविगुरु के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई, जिसमें शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य श्री चंद्रशेखर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए टैगोर जी के जीवन और कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरुदेव टैगोर एक महान साहित्यकार, नोबेल पुरस्कार विजेता, दार्शनिक, संगीतकार और कलाकार थे। उनकी रचनाएं जीवन को नई दिशा देती हैं। उन्होंने ‘एकला चलो रे’ गीत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह गीत आत्मनिर्भर भारत की भावना को प्रतिबिंबित करता है।
शिक्षिका श्वेता सिन्हा ने कहा कि टैगोर ने भारतीय संस्कृति को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया। वे कला और संस्कृति के सच्चे साधक थे।
कार्यक्रम में संगीत प्रतियोगिता ‘वोकल वोएज’ के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कक्षा तीसरी के छात्र शुभम सामंत ने जब ‘एकला चलो रे’ प्रस्तुत किया, तो सभागार तालियों से गूंज उठा। संगीत शिक्षक के मार्गदर्शन में समूह गीत की भी प्रस्तुति हुई।
साथ ही वर्ष भर प्रार्थना सभा के संचालन में योगदान देने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। मंच संचालन की जिम्मेदारी छात्रा ईशानी कुंडू ने सफलतापूर्वक निभाई।