टाटा डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल नोवामुंडी में रवीन्द्रनाथ जयंती मदर्स डे एवं “रेड डे” का आयोजन

न्यूज़ लहर संवाददाता
गुवा।टाटा डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल नोवामुंडी में रविन्द्र नाथ ठाकुर की जयंती, मदर्स डे एवं “रेड डे” का आयोजन किया गया | इसके दौरान भाषण, गायन, लेखन प्रतियोगिता,प्रार्थना गाना जैसे विषयों पर गतिविधियों का आयोजन किया गया |
कार्यक्रम की शुरुआत में प्राचार्य प्रशांत कुमार भूयान ने रवींद्रनाथ ठाकुर के चित्र पर वैदिक मन्त्रों के साथ दीप प्रज्वलन के द्वारा पुष्पांजली अर्पित किया जिसमें संस्कृत शिक्षक सुरेश पंडा ने अन्य उपस्थित शिक्षकों के साथ सहभागिता की | रवींद्रनाथ ठाकुर के बारे में बताते हुए कक्षा – 12 के सिद्धांत दास एवं अनिकेत ज़ोरदार ने अपने विचार प्रस्तुत किये |
प्राचार्य प्रशांत कुमार भूईंया ने कहा कि रवींद्रनाथ ठाकुर का नाम सुनते ही हमारे मन में साहित्य, संगीत और राष्ट्रभक्ति की भावना जाग जाती है ।वे हमारे राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के रचयिता थे और पहले भारतीय जिन्हें नोबेल पुरस्कार मिला। उनकी पुस्तक ‘गीतांजलि’ ने न केवल भारत, बल्कि पूरे विश्व को प्रभावित किया।
“रेड डे” के बारे में शिक्षक अरबिंद ठाकुर ने विस्तार पूर्वक बताया | श्री ठाकुर ने कहा कि “रेड डे” बच्चों के लिए एक विशेष दिन है जहाँ वे लाल रंग से संबंधित गतिविधियों में भाग लेते हैं। इसका उद्देश्य बच्चों को लाल रंग के बारे में सिखाना और उनके संचार कौशल का विकास करना है।
वरिष्ठ संस्कृत शिक्षक सुरेश पंडा ने ‘मदर्स डे’ की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिन उन सभी माताओं को समर्पित है जो बिना किसी स्वार्थ के प्रेम और त्याग से हमारे जीवन को संवारती हैं। कार्यक्रम में माताओं ने अच्छी संख्या में भाग लिया | कार्यक्रम की रूप रेखा बनाने में शिक्षिका बी. सुजाता पाल, गरिमा मिश्र, कुसुम कुमारी, अंतरा चौधुरी एवं जे. रमा ने सक्रिय भूमिका निभायी | मंच संचालन कक्षा १२ के सिद्धांत दास ने किया | कार्यक्रम की समाप्ति शांति पाठ एवं राष्ट्रगान गाकर किया गया | मौके पर सभी कर्मचारी उपस्थित थे|