Crime

रांची रेलवे स्टेशन पर नन्हे फरिश्ते टीम ने 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को सुरक्षित रेस्क्यू किया

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

रांची। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) रांची मंडल की ‘नन्हे फरिश्ते टीम’ ने रांची रेलवे स्टेशन से एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को सकुशल बचाया। यह कार्रवाई आरपीएफ रांची के डिविजनल सिक्योरिटी कमिश्नर, पवन कुमार के निर्देशानुसार की गई।

 

टीम ने प्लेटफार्म संख्या 01 पर चेकिंग के दौरान लड़की को अकेले बैठे हुए देखा। जब उससे पूछताछ की गई, तो उसने अपना नाम सोनिया कुमारी, माता मंजू देवी, निवासी ग्राम चमगाढ़ा, पोस्ट बड़कागांव, थाना सिकरी ओपी, जिला हजारीबाग (झारखंड) बताया। उसने बताया कि उसके परिवार वाले उसकी शादी करवाना चाहते थे, जिससे परेशान होकर वह घर से भाग आई थी।

 

पूछताछ के बाद टीम ने सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए सोनिया कुमारी को चाइल्ड हेल्पलाइन रांची को सौंप दिया, ताकि उसकी सुरक्षा और उचित पुनर्वास सुनिश्चित किया जा सके।

 

इस अभियान में महिला निरीक्षक सुनीता पन्ना, स्टाफ आर.एस. प्रधान, एस.के. सिंह, महिला स्टाफ रेनू और सोनू कुमावत की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। उनकी तत्परता और संवेदनशीलता के कारण यह नन्ही जान सुरक्षित बचाई जा सकी।

 

रेलवे सुरक्षा बल की ‘नन्हे फरिश्ते टीम’ लगातार ऐसे नाबालिग बच्चों की सुरक्षा के लिए समर्पित है, जो विभिन्न कारणों से संकट में होते हैं। यह पहल बाल अधिकारों की रक्षा और मानव तस्करी जैसी घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Related Posts