Regional

सरकारी योजनाओं की जमीनी सच्चाई जानने निकले अधिकारी, हर शनिवार होगा निरीक्षण अभियान

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

जमशेदपुर।पूर्वी सिंहभूम जिले में सरकारी योजनाओं और सेवाओं की गुणवत्ता जांचने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने एक सतत निरीक्षण अभियान शुरू किया है। जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त अनन्य मित्तल के निर्देश पर प्रत्येक शनिवार को जिले के सभी प्रखंडों और नगर निकाय क्षेत्रों में नोडल पदाधिकारी क्षेत्र भ्रमण कर पंचायत एवं वार्ड स्तर पर संचालित योजनाओं और संस्थाओं का मूल्यांकन कर रहे हैं।

अभियान के तहत अधिकारियों द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय, पंचायत भवन, स्वास्थ्य उपकेंद्र, जन वितरण प्रणाली (PDS) की दुकानों और मनरेगा योजनाओं की स्थिति की गहन समीक्षा की जा रही है। इस क्रम में अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद ने पटमदा के कुमीर, निदेशक एनईपी संतोष गर्ग ने बनमाकड़ी, एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्र ने चाकुलिया के कुचियाशोल,

उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती प्रियंका सिंह ने पोटका के जुड़ी, डीसीएलआर घाटशिला नीत निखिल सुरीन ने बहरागोड़ा के डोमजुड़ी, जिला कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य समद ने बोड़ाम के माधवपुर पंचायत, कार्यपालक दण्डाधिकारी चंद्रजीत सिंह ने जमशेदपुर सदर के उत्तर सारजामदा, कार्यपालक दण्डाधिकारी अमन कुमार ने मुसाबनी के पूर्वी बादिया, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सलमान जफर खिजरी ने डुमरिया के बड़ाकांजिया,

एसओआर राहुल आनंद ने धालभूमगढ़ के पावड़ा नरसिंहगढ़ पंचायत तथा जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्रीमती रिंकू कुमारी ने जमशेदपुर अक्षेस और जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय ने जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालयों में बच्चों और शिक्षकों की उपस्थिति, आंगनबाड़ी की गतिविधियां, स्वास्थ्य उपकेंद्रों में उपलब्ध चिकित्सीय सेवाएं, मनरेगा योजनाओं की प्रगति और PDS दुकानों की वास्तविक स्थिति का आकलन किया। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि कमियां मिलने पर समन्वित कार्रवाई कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।

यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं बल्कि सेवा की गुणवत्ता सुधारने का व्यावहारिक प्रयास है, जिससे आम नागरिकों को योजनाओं का लाभ सीधे, पारदर्शी और प्रभावी रूप से मिल सके।

Related Posts