अमेरिका की मध्यस्थता पर कांग्रेस के बयान पर भाजपा का पलटवार, कहा – “दोहरे चरित्र की राजनीति को देश नकार चुका है”*

न्यूज़ लहर संवाददाता
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम ज़िले में कांग्रेस द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को लेकर किए गए कार्यक्रम पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर वीरता की झूठी कहानी गढ़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि जो पार्टी दशकों तक अंतरराष्ट्रीय हस्तक्षेप की पक्षधर रही, वह अब अमेरिका की मध्यस्थता पर घड़ियाली आँसू बहा रही है — यह अपने आप में हास्यास्पद और दोहरे मापदंड का परिचायक है।
जिला भाजपा मीडिया प्रभारी जितेंद्र नाथ ओझा ने कहा, “कांग्रेस वही पार्टी है जो कश्मीर जैसे संवेदनशील मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र में ले गई और भारत की संप्रभुता को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कमजोर किया। आतंकवाद की हर घटना के बाद डोजियर तैयार कर अमेरिका और अन्य देशों से पाकिस्तान पर कार्रवाई की गुहार लगाई जाती थी। आज वही कांग्रेस मोदी सरकार की आत्मनिर्भर विदेश नीति पर सवाल उठा रही है।”
भाजपा ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह देश की सेनाओं के योगदान को नजरअंदाज कर इंदिरा गांधी को अकेले 1971 की जीत का श्रेय देने की कोशिश कर रही है, जो न केवल भारतीय सेना का अपमान है, बल्कि इतिहास को तोड़-मरोड़ कर पेश करने की साजिश भी है। भाजपा नेताओं ने कहा कि जिस ‘आयरन लेडी’ की बात की जा रही है, उसी के शासन में देश ने आपातकाल जैसी काली रात का अनुभव किया था।
जितेंद्र नाथ ओझा ने कहा, “जब भारत ने सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक कर पाकिस्तान को मुँहतोड़ जवाब दिया, तब कांग्रेस ने सबूत माँगकर सेना के मनोबल को ठेस पहुँचाई। आज जब ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दिया गया है, तब भी कांग्रेस सवाल उठा रही है। यह उनके राष्ट्र विरोधी और अवसरवादी रवैये को दर्शाता है।”
भाजपा ने यह भी आरोप लगाया कि राफेल और S-400 जैसे अहम रक्षा सौदों में भी कांग्रेस ने रोड़े अटकाने का काम किया और देश की सामरिक शक्ति को कमजोर करने की कोशिश की।
भाजपा ने साफ किया कि देश अब ऐसे दोहरे चरित्र वाली राजनीति को पहचान चुका है और उसे नकार भी चुका है। अब जनता सिर्फ उन्हीं के साथ है, जो राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हैं।