Regional

नोवामुंडी कॉलेज में विधायक सोनाराम सिंकू का स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित**

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

नोवामुंडी। नोवामुंडी कॉलेज के अंबेडकर हॉल में जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं झारखंड विधानसभा के उप-मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकू का भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ छात्राओं द्वारा मधुर स्वागत गीत और पारंपरिक ‘हो’ नृत्य के साथ हुआ, जिसमें पुष्पवर्षा कर अतिथियों का अभिनंदन किया गया। प्राचार्य डॉ. मनोजित विश्वास ने विधायक सोनाराम सिंकू को बुके और शॉल भेंट कर सम्मानित किया।

प्राचार्य डॉ. मनोजित विश्वास ने कॉलेज की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि नैक टीम द्वारा कॉलेज को ‘बी’ ग्रेड प्राप्त होना एक बड़ी सफलता है। उन्होंने विधायक और प्रबंधन समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कॉलेज संस्थापक सदस्य निसार अहमद ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा मानव जीवन में ज्ञान, कौशल और समझ का स्रोत है।

मुख्य अतिथि विधायक सोनाराम सिंकू ने कहा कि जीवन में शिक्षा से बढ़कर कुछ नहीं है। उन्होंने छात्राओं की बढ़ती संख्या को सामाजिक जागरूकता का प्रतीक बताया और नशापान के खिलाफ जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कॉलेज के सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव सहायता का आश्वासन भी दिया।

कार्यक्रम में प्रबंधन समिति के सदस्य निसार अहमद, पाण्डु सुरेन, सनद प्रधान, विधायक के पीए जीतन महतो, शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन वाणिज्य विभाग के डॉ. मुरारी लाल वैध ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अंग्रेजी विभाग के प्रो. कुलजिंदर सिंह ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के बाद विधायक ने प्राचार्य डॉ. मनोजित विश्वास और समिति सदस्यों के साथ विकास संबंधी बैठक की और कॉलेज की डिजिटल कक्षाओं, लैंग्वेज लैब एवं कंप्यूटर लैब का निरीक्षण किया।

Related Posts