Regional

मानगो में विकास को लेकर एनडीए एकजुट, बरसात से पहले नालों की सफाई प्राथमिकता

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

जमशेदपुर।जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के नेतृत्व में एनडीए घटक दलों की बैठक बिष्टुपुर में आयोजित की गई, जिसमें मानगो नगर निगम क्षेत्र में जलजमाव, जलापूर्ति और साफ-सफाई जैसी समस्याओं के समाधान पर समन्वय से काम करने का निर्णय लिया गया।

 

बिष्टुपुर स्थित अपने आवास पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने एनडीए घटक दलों की बैठक आयोजित की, जिसमें भाजपा, जदयू और लोजपा के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य मानगो नगर निगम क्षेत्र में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आपसी समन्वय स्थापित करना था।

 

बैठक में निर्णय लिया गया कि बरसात से पूर्व बड़े नालों की सफाई और उड़ाही को प्राथमिकता दी जाएगी ताकि जलजमाव की समस्या से निजात मिल सके। इसके साथ ही साफ-सफाई और पेयजल आपूर्ति की समस्याओं पर विशेष रूप से चर्चा की गई। श्री राय ने कहा कि जलापूर्ति व्यवस्था में तकनीकी गड़बड़ियां हैं, क्योंकि सप्लाई और मेन लाइन के स्तर में तालमेल नहीं है। उन्होंने सभी वाल्वों की जांच कराने का निर्देश दिया, जिससे पानी का संतुलित वितरण सुनिश्चित हो सके।

 

उन्होंने यह भी कहा कि विकास कार्यों में सभी घटक दलों को शामिल कर संवाद और समन्वय से योजनाएं बनाई जाएंगी। सप्ताह में एक बार हर मंडल में बैठकें कर समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

 

बैठक में आशुतोष राय, नीरज सिंह, मुकुल मिश्रा, पिंटू सिंह (लोजपा), रवींद्र सिंह सिसौदिया, फातिमा शाहीन सहित कई नेता उपस्थित थे। सभी ने क्षेत्र की समस्याओं को हल करने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।

Related Posts