साकची होटल में रुकसार की आत्महत्या का खुलासा, देह व्यापार और शराब पार्टी बना वजह

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर। साकची स्थित होटल ‘ईआई डोराडो’ के कमरे नंबर 506 में फंदे से झूलती मिली युवती रुकसार (22) की मौत के मामले में जांच के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने पुष्टि की है कि यह आत्महत्या का मामला है। जांच में सामने आया कि रुकसार और उसकी एक सहेली देह व्यापार में लिप्त थीं। घटना के दिन दोनों युवतियां और दो युवक—पंकज शर्मा और ऋतुराज कुमार—होटल में शराब पार्टी कर रहे थे।
रात करीब 9:30 बजे रुकसार और उसकी सहेली होटल पहुंची थीं। दोनों युवक बिहार के औरंगाबाद जिले के रहने वाले हैं और फिलहाल साकची के राजेन्द्र नगर में किराए पर रह रहे थे। पंकज ने रुकसार को पार्टी के लिए 10 हजार रुपये दिए थे और वह अपनी सहेली को भी साथ लाई थी। पार्टी के दौरान रुकसार को जबरन डांस करने के लिए कहा गया, जिससे विवाद हुआ।
रात 1:30 बजे रुकसार की सहेली उससे झगड़कर दूसरे कमरे में चली गई। रुकसार कमरे में अकेली रह गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। सुबह जब दरवाजा नहीं खुला, तो होटल मैनेजर को सूचना दी गई और पुलिस ने शव बरामद किया। पुलिस ने होटल मैनेजर, दोनों युवकों और रुकसार की सहेली को जेल भेज दिया है।