Regional

भारतीय सेना के सम्मान में चाईबासा में निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, संगठन महापर्व की तैयारियां जोरों पर*   *भाजपा जिला कार्यालय में हुई बैठक, प्रदेश के विभिन्न मंडलों में भी होंगे आयोजन* 

 

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

चाईबासा: भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय, चाईबासा में आज एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी तिरंगा यात्रा एवं संगठन महापर्व की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश संगठन चुनाव प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा, जिला चुनाव प्रभारी अशोक सिंह तथा तिरंगा यात्रा प्रदेश टोली सदस्य श्री अभय सिंह प्रमुख रूप से शामिल हुए।

 

मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, प्रदेश प्रवक्ता जेपी तुबिद तथा भाजपा जिला अध्यक्ष संजय पांडे मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदीप वर्मा ने कहा कि संगठनात्मक कार्यों को युद्धस्तर पर शीघ्रता से पूर्ण किया जाना चाहिए। उन्होंने मंडल स्तर पर बुध कमेटी समेत आवश्यक समितियों के गठन पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और हर कार्यकर्ता का सम्मान हमारी प्राथमिकता है।

 

*16 मई को चाईबासा में निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा*

 

तिरंगा यात्रा को लेकर प्रदेश टोली सदस्य श्री अभय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 16 मई को चाईबासा में भारतीय सेना के सम्मान में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस यात्रा में सभी वर्ग, जाति, धर्म और सामाजिक संगठनों के लोगों को आमंत्रित किया गया है। यात्रा सुपलसाईं चौक से पोस्ट ऑफिस चौक तक निकाली जाएगी।

 

इस यात्रा की खास बात यह होगी कि इसमें किसी भी राजनीतिक दल का झंडा या बैनर नहीं रहेगा। यह पूरी तरह से राष्ट्रभक्ति और सेना को समर्पित यात्रा होगी। “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “जय हिंद”, “सेना जिंदाबाद” जैसे नारों से माहौल देशभक्ति में रंग जाएगा।

 

*16 से 20 मई तक पूरे प्रदेश में चलाए जाएंगे कार्यक्रम*

 

तिरंगा यात्रा केवल चाईबासा तक सीमित नहीं रहेगी। 16 से 20 मई तक यह अभियान पूरे झारखंड प्रदेश में चलाया जाएगा। पश्चिमी सिंहभूम के सभी मंडलों में भी इस दौरान तिरंगा यात्रा एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

 

*सामाजिक, सांस्कृतिक संगठनों और नागरिकों से भागीदारी की अपील*

 

भाजपा की ओर से सभी सामाजिक, सांस्कृतिक, व्यापारिक संगठनों एवं आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और भारतीय सेना को सम्मान देने के इस प्रयास को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाएं।

 

बैठक में सतीश पुरी, गीता बालमूचू, मनोज लियांगी, हेमंत केशरी, प्रताप कटियार सहित मंडल अध्यक्ष एवं मंच-मोर्चा के कई पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Posts