नोवामुंडी कॉलेज के विद्यार्थियों ने जाना पंचायत राज का व्यावहारिक पक्ष

न्यूज़ लहर संवाददाता
चाईबासा। पश्चिम सिंहभूम जिला स्थित नोवामुंडी कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा छात्र-छात्राओं को पंचायती राज की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराने हेतु बुधवार को बालिझोर ग्राम पंचायत कार्यालय का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।
नोवामुंडी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनोजित विश्वास के निर्देश पर राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार सिंह और सहायक प्राध्यापक डॉ. क्रान्ति प्रकाश के नेतृत्व में कॉलेज के विद्यार्थियों ने बालिझोर पंचायत कार्यालय का एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण किया। प्रस्थान से पूर्व डॉ. विश्वास ने छात्रों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक जानकारी प्राप्त करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि यह भ्रमण ग्रामीण शासन प्रणाली को समझने की दिशा में एक सार्थक पहल है।
पंचायत कार्यालय पहुंचने पर मुखिया रवि सामड़, उप मुखिया संचिता लकड़ा, मुंडा घसुवा बारजो सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने छात्र-छात्राओं का स्वागत किया। मुंडा श्री बारजो ने इसे क्षेत्र में पहला औपचारिक शैक्षणिक भ्रमण बताते हुए ऐतिहासिक बताया।
मुखिया रवि सामड़ ने छात्रों को पंचायत की कार्यप्रणाली से अवगत कराते हुए जलापूर्ति, सड़क निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य, शौचालय योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना आदि योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पंचायत डायन प्रथा, गुटखा सेवन जैसी सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध भी जागरूकता अभियान चलाती है।
छात्रों को यह जानकर प्रसन्नता हुई कि पंचायत स्तर पर ही छोटे-मोटे विवादों का समाधान कर त्वरित न्याय सुनिश्चित किया जाता है। पंचायत में संचालित ज्ञान केंद्रों की जानकारी भी दी गई, जिनसे विद्यार्थियों को निःशुल्क अध्ययन सामग्री मिलती है।
छात्रों ने इस भ्रमण को लोकतांत्रिक सहभागिता और ग्रामीण विकास की गहराई से समझने का एक महत्वपूर्ण अनुभव बताया।