पश्चिमी सिंहभूम में पुलिस महानिरीक्षक ने किया क्षेत्रीय दौरा, जवानों को दी विशेष ब्रीफिंग

न्यूज़ लहर संवाददाता
चाईबासा।पश्चिमी सिंहभूम जिले में नक्सल गतिविधियों की वर्तमान स्थिति और जिले में चल रहे नक्सल विरोधी अभियानों की समीक्षा के लिए पुलिस महानिरीक्षक, दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र, रांची अखिलेश झा, भा.पु.से. ने 13 एवं 14 मई 2025 को क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
जिला मुख्यालय चाईबासा में आयोजित समीक्षा बैठक में मनोज रतन चौथे, भा.पु.से., पुलिस उप-महानिरीक्षक, सिंहभूम (कोल्हान) क्षेत्र, चाईबासा; आशुतोष शेखर, पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा; पारस राणा, अपर पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा; रितविक श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक, चतरा (प्रतिनियुक्ति पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा) सहित सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस निरीक्षक उपस्थित थे। बैठक में जिले में संचालित नक्सल विरोधी अभियानों की प्रगति, चुनौतियाँ तथा भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
पुलिस महानिरीक्षक ने सारंडा वन क्षेत्र में स्थित विभिन्न पुलिस कैम्पों और थानों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने छोटानागरा थाना अंतर्गत सीआरपीएफ कैम्प में रात्रि विश्राम कर सुरक्षा बलों की तैयारियों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने सीआरपीएफ, झारखंड जगुआर, जैप एवं जिला बल के प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी,जवानों को आईईडी विस्फोट से बचाव एवं नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा संबंधी एसओपी का कड़ाई से पालन करने के लिए विशेष रूप से ब्रीफिंग दी।
इसके अतिरिक्त मनोहरपुर थाना अंतर्गत टिमरा कैम्प, किरीबुरू थाना अंतर्गत सीआरपीएफ कैम्प किरीबुरू, सेडलगेट कैम्प एवं किरीबुरू थाना का भी भ्रमण किया गया। पुलिस महानिरीक्षक महोदय ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और जवानों का उत्साहवर्धन किया।
ज्ञात हो कि जिले में लगातार चल रहे सघन सर्च ऑपरेशन के कारण नक्सली संगठन दबाव में हैं। हाल ही में सुरक्षा बलों ने कई नक्सली बंकर, डंप व आईईडी बरामद कर नष्ट किए हैं तथा अत्याधुनिक हथियार भी बरामद किए गए हैं। पुलिस महानिरीक्षक ने अभियान में लगे सभी अधिकारियों एवं जवानों की सराहना की और उन्हें सतर्कता, अनुशासन एवं टीम वर्क के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
पश्चिमी सिंहभूम जिले में नक्सल विरोधी अभियान लगातार तेज़ी से चलाया जा रहा है। सुरक्षा बलों की सक्रियता और समन्वय से नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हो रही है।