Regional

आत्मनिर्भरता की मिसाल बनीं प्रमिला सबर: धरती आबा अभियान और पीएम जन.मन योजना से सशक्त हुईं जमशेदपुर की महिला

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

जमशेदपुर।पूर्वी सिंहभूम जिला के पटमदा प्रखंड के माकुला गांव की निवासी प्रमिला सबर ने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान एवं प्रधानमंत्री जन.मन योजना के प्रभावी सहयोग से आत्मनिर्भरता की नई कहानी लिखी है। 2016 में स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के बाद प्रमिला ने न केवल अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत की, बल्कि गांव की अन्य महिलाओं को भी सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया है।

 

प्रमिला सबर ने समूह से जुड़कर सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। उज्ज्वला योजना के तहत उन्हें मुफ्त गैस कनेक्शन मिला, वहीं आवास योजना के तहत अपने घर के निर्माण के लिए समिति से ऋण लेकर उन्होंने बड़े और मजबूत आवास का निर्माण किया। समूह के वित्तीय सहयोग से प्रमिला ने अपनी दोनों बेटियों की शादी भी सफलतापूर्वक की। अब वे स्थानीय स्तर पर मजदूरी और लघु कार्य कर अपनी छोटी-छोटी जरूरतें स्वयं पूरी कर रही हैं, जिससे वे बाहरी सहायता पर निर्भर नहीं हैं।

 

धरती आबा अभियान के तहत ग्राम सभा की सक्रियता और महिला नेतृत्व को बढ़ावा देते हुए प्रमिला ने गांव की अन्य महिलाओं को भी स्वयं सहायता समूह से जुड़ने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया है। उनका यह प्रयास सामाजिक एवं आर्थिक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ है।

 

यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और प्रधानमंत्री जन.मन योजना के माध्यम से जनजातीय समुदायों की महिलाओं को सही संसाधन, जानकारी और समर्थन मिलने पर वे समाज में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने में सक्षम होती हैं। प्रमिला सबर की कहानी आदिवासी महिलाओं के सशक्तिकरण की एक प्रेरणादायक मिसाल बन गई है।

Related Posts