Politics

जमशेदपुर में होगी ‘संविधान बचाओ रैली’, हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता लेंगे हिस्सा : आनन्द बिहारी दुबे

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में आयोजित संविधान बचाओ रैली को लेकर तैयारियों का दौर शुरू हो चुका है। इसी क्रम में जिला स्तरीय तैयारी समिति की एक अहम बैठक कांग्रेस कार्यालय तिलक पुस्तकालय, बिष्टुपुर में जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

 

बैठक में जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे ने सभी प्रखंड अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, जिला उपाध्यक्ष, सचिव, अग्रणी संगठनों के पदाधिकारी, प्रदेश कांग्रेस द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षकों एवं अन्य वरिष्ठ नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जमशेदपुर के साकची में एक विशाल संविधान बचाओ रैली का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह रैली केवल एक राजनैतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संविधान और लोकतंत्र को बचाने की दिशा में एक जन आंदोलन है।

 

उन्होंने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि “देश को कांग्रेस की जरूरत है, क्योंकि बीजेपी संविधान, नौकरी, जल-जंगल-जमीन सब कुछ खत्म करने पर तुली है।” उन्होंने आह्वान किया कि आम जनता को इस आंदोलन से जोड़ें और जन जागरूकता फैलाएं।

 

जिलाध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों से कहा कि वे संगठन सृजन-2025 अभियान को सफल बनाएं, पंचायत एवं वार्ड कमेटियों का शीघ्र गठन करें, और धरना-प्रदर्शन जैसे जन कार्यक्रमों के माध्यम से जनता की समस्याओं को उठाएं।

 

बैठक का संचालन संजय सिंह आजाद ने किया। इस अवसर पर प्रदेश सचिव राकेश कुमार तिवारी, कमलेश कुमार पाण्डेय, डाॅ. परितोष सिंह, अवधेश सिंह, शफी अहमद खान, अरुण कुमार सिंह, महिला कांग्रेस अध्यक्ष नलिनी सिन्हा, राजीव मिश्र, लखिंदर करुवा, अमित श्रीवास्तव, अमर कुमार मिश्र, सन्नी सिंह, सुरज मुंडा, इंदु देवी सहित सैकड़ों पदाधिकारी मौजूद थे।

 

बैठक में यह तय किया गया कि प्रखंड एवं मंडल स्तर पर शीघ्र बैठकें कर रणनीति बनाई जाएगी और हर स्तर पर लोगों को रैली से जोड़ने का काम होगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में इस रैली को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।

Related Posts