तिरंगा यात्रा पर कांग्रेस का BJP पर जमकर हमला, लगाया देश और जनता के साथ विश्वासघात का आरोप

न्यूज़ लहर संवाददाता
चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिला स्थित में भाजपा की तिरंगा यात्रा को लेकर गुरुवार को कांग्रेस ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपा तिरंगे का राजनीतिक उपयोग कर देशवासियों की भावनाओं के साथ विश्वासघात कर रही है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर दास ने कहा कि भाजपा इस तिरंगा यात्रा के जरिए अपने चेहरे पर लगे काले दाग धोने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश के 140 करोड़ लोगों के साथ विश्वासघात किया है और उनकी भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया गया है।
कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि केंद्र सरकार ने ठोस कदम उठाने की बजाय राजनीतिक और कूटनीतिक मोर्चे पर अपनी कमजोरी दिखा दी है। उन्होंने कहा कि सरकार की निर्णय लेने में शिथिलता ने पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की दखलदारी को बढ़ावा दिया, जो सरकार की कमजोरी को वैश्विक मंच पर उजागर करता है।
कांग्रेस नगर अध्यक्ष मोहम्मद सलीम ने कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री से सवाल पूछ रही है कि किस परिस्थितियों में सीजफायर हुआ, पहलगाम के आरोपी आतंकवादी कहां हैं और इस सीजफायर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की क्या भूमिका रही। उन्होंने कहा कि सरकार को देश के सामने पूरी सच्चाई बतानी होगी।
युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष और अधिवक्ता पूर्ण चंद्र कायम ने भाजपा नेताओं के दोहरे चरित्र की आलोचना की। उन्होंने कहा कि भाजपा के मंत्री राष्ट्र की बेटी कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ अपशब्द कहते हैं, लेकिन दूसरी ओर पूरे देश में देशभक्ति और राष्ट्रवाद का ढिंढोरा पीटते हैं।
इस मौके पर कांग्रेस जिला सचिव मोहन सिंह हेम्ब्रम, प्रखंड अध्यक्ष सकारी दोंगो, ओबीसी प्रकोष्ठ प्रखंड अध्यक्ष हरिचरण कुम्हार, सुभाष राम तुरी, जोसेफ केसरिया, सुशील दास सहित कई अन्य नेता मौजूद थे।