जमशेदपुर में जनता दरबार : 90 से अधिक शिकायतें सुनीं, कई मामलों का त्वरित समाधान

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर।पूर्वी सिंहभूम जिला
समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त अनन्य मित्तल ने आमजनों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं। जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से आए 90 से अधिक नागरिकों ने व्यक्तिगत, सामाजिक और प्रशासनिक विषयों से जुड़ी शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों का त्वरित समाधान मौके पर ही कर दिया।
जनता दरबार में पार्किंग ठेकेदारों की मनमानी, स्कूल फीस में छूट, दुकान आवंटन, भूमि विवाद, मानगो क्षेत्र में पेयजल संकट, आय प्रमाण पत्र निर्गत में देरी, म्यूटेशन संशोधन, आरक्षित कोटा में नामांकन, राशन कार्ड की त्रुटियाँ, पेंशन स्वीकृति जैसे जनहित से जुड़े मुद्दे सामने आए। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों का शीघ्र व पारदर्शी निवारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनता दरबार प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद का एक प्रभावी माध्यम है, जिसके ज़रिए समस्याओं का समाधान समयबद्ध ढंग से किया जा सकता है।