मैया सम्मान योजना में बांग्लादेशी-रोहिंग्याओं को लाभ देने का आरोप, भाजपा नेता देवेंद्र सिंह ने की CBI और NIA जांच की मांग”

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर।भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश भाजपा समिति सदस्य देवेंद्र सिंह ने झारखंड सरकार पर मैया सम्मान योजना में व्यापक भ्रष्टाचार और राष्ट्रविरोधी तत्वों को लाभ पहुंचाने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार में इस योजना के नाम पर आदिवासियों के हक का पैसा बांग्लादेशी और रोहिंग्या मुसलमानों के खातों में स्थानांतरित किया गया है।
देवेंद्र सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों ने वोट बैंक की राजनीति के चलते मुस्लिम महिलाओं को केवल नाम के आधार पर योजना का लाभ दिलवाया। उन्होंने कहा कि सिर्फ पूर्वी सिंहभूम जिले में ही घाटशिला, बहरागोड़ा, पोटका और जुगसलाई क्षेत्रों के स्थानीय प्रतिनिधि इस कथित महाघोटाले में प्रत्यक्ष रूप से शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि जिले के कई मुखियाओं ने इस घोटाले को उजागर किया, जो सराहनीय कार्य है। खासतौर पर पोटका विधानसभा क्षेत्र के कालकापुर पंचायत के मुखिया बाघराय सोरेन ने बताया कि उनके गांव में एक भी मुस्लिम परिवार नहीं है, फिर भी वहां 27 मुस्लिम महिलाओं को योजना का लाभ दिया जा रहा है। जांच करने पर यह भी सामने आया कि उन महिलाओं के बैंक खाते पश्चिम बंगाल में हैं।
देवेंद्र सिंह ने दावा किया कि सिर्फ पूर्वी सिंहभूम जिले में ही नहीं, बल्कि झारखंड के कई अन्य जिलों में भी ऐसा ही भ्रष्टाचार और फर्जीवाड़ा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे झारखंड में करीब बीस हजार से अधिक बांग्लादेशी और रोहिंग्या मुसलमानों ने इस योजना का लाभ उठाया है।
उन्होंने कहा, “यह सिर्फ आर्थिक घोटाला नहीं, बल्कि एक राष्ट्र विरोधी साजिश है। बांग्लादेश के आतंकी संगठनों के तार झारखंड से जुड़े होने की आशंका है। इसलिए यह जरूरी है कि इस घोटाले की CBI जांच करवाई जाए और यदि इसमें आतंकवादियों की संलिप्तता पाई जाती है तो NIA जांच के माध्यम से राष्ट्रविरोधी तत्वों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।”
देवेंद्र सिंह ने कहा कि इस महाघोटाले की शिकायत वे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को मेल के माध्यम से भेज रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड अब बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों का सुरक्षित ठिकाना बनता जा रहा है। उन्होंने चौंकाने वाला दावा किया कि चाकुलिया प्रखंड के एक गांव में जहां एक भी मुस्लिम परिवार नहीं है, वहां 500 मुस्लिम बच्चों के जन्म का रिकॉर्ड दर्शाया गया है। उन्होंने इसे “झारखंड में ही संभव चमत्कार” बताते हुए सरकार पर तीखा हमला किया और कहा कि “यह सब कांग्रेस समर्थित मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की नीति का परिणाम है।”
देवेंद्र सिंह ने अंत में स्पष्ट किया कि भाजपा इस मुद्दे को राज्यव्यापी आंदोलन के रूप में उठाएगी और जरूरत पड़ी तो न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा।