Regional

सारंडा जंगल में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान वज्रपात से सीआरपीएफ अधिकारी शहीद, तीन जवान घायल

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

चाईबासा।पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेताओं और उनके दस्ते की विध्वंसक गतिविधियों की सूचना पर चाईबासा पुलिस, कोबरा 203 व 209 बटालियन, झारखंड जगुआर तथा सीआरपीएफ की 26, 60, 134, 174, 193 और 197 बटालियन की संयुक्त टीम द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 4 मार्च 2025 से छोटानागरा एवं जराईकेला थाना क्षेत्र के सीमावर्ती जंगली और पहाड़ी इलाकों में विशेष संयुक्त अभियान प्रारंभ किया गया है।

अभियान के दौरान 15 मई 2025 को अपराह्न लगभग 5:30 बजे छोटानागरा थाना अंतर्गत बलिबा के आस-पास के जंगली और पहाड़ी इलाके में अचानक तेज बारिश के साथ वज्रपात हो गया। इस प्राकृतिक आपदा की चपेट में आकर सीआरपीएफ 26 बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी (2IC) एम. प्रोबो सिंह, सहायक समादेष्टा सुबीर कुमार मंडल, सब इंस्पेक्टर सुरेश भगत और सब इंस्पेक्टर चंदलाल हांसदा गंभीर रूप से घायल हो गए।

इलाज के क्रम में द्वितीय कमान अधिकारी एम. प्रोबो सिंह ने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। अन्य तीन घायल जवानों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और उनका इलाज सेल अस्पताल किरीबुरू एवं टाटा मेन अस्पताल, नोवामुंडी में चल रहा है।

घटना के तुरंत बाद पुलिस मुख्यालय, झारखंड रांची और सीआरपीएफ झारखंड सेक्टर के सहयोग से हेलीकॉप्टर के माध्यम से घायल अधिकारियों को बेहतर इलाज के लिए रांची भेजने की व्यवस्था की गई। झारखंड पुलिस और अभियान में शामिल सभी संयुक्त बलों ने शहीद द्वितीय कमान अधिकारी एम. प्रोबो सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। इस घटनाक्रम ने एक बार फिर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की चुनौतियों और उनके अदम्य साहस को उजागर किया है।

Related Posts