Crime

शराब घोटाले में झारखंड के दो वरीय IAS अधिकारियों की गिरफ्तारी, राज्य की छवि पर फिर लगा दाग: भाजपा* 

 

 

चाईबासा: झारखंड में बहुचर्चित शराब घोटाले की जांच के तहत राज्य के वरीय आईएएस अधिकारियों विनय चौबे और गजेन्द्र सिंह को आज भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद राज्य की राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी ने इस पूरे मामले पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि यह गिरफ्तारी झारखंड को घोटालों की लंबी सूची में और नीचे ले गई है, जिससे राज्य की छवि पूरे देश में शर्मनाक स्थिति में पहुंच गई है।

 

भाजपा पिछड़ा जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री हेमन्त कुमार केशरी ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि जिस उद्देश्य से झारखंड की स्थापना स्वर्गीय प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने की थी, उस उद्देश्य को राज्य के आला अधिकारियों द्वारा किए जा रहे घोटाले लगातार कलंकित कर रहे हैं।

 

उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि राज्य सरकार इस पूरे मामले में पूरी तरह से निष्क्रिय बनी हुई है। केशरी ने झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस गठबंधन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब से यह सरकार सत्ता में आई है, राज्य भ्रष्टाचार के नए कीर्तिमान स्थापित करने में लगी हुई है।

 

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि पार्टी ने शराब घोटाले की जांच की मांग पहले भी कई बार की थी, लेकिन अब जब ACB की कार्रवाई सामने आई है तो निश्चित रूप से एक बड़ा खुलासा होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि ‘INDI’ गठबंधन के नेता अब फिर से केंद्र सरकार की जांच एजेंसियों पर दुरुपयोग के आरोप लगाएंगे, लेकिन सच यह है कि भ्रष्टाचार को बेनकाब करना समय की मांग है।

 

हेमन्त केशरी ने आशंका जताई कि इस घोटाले में कई और बड़े नाम सामने आ सकते हैं, जिससे राज्य की प्रतिष्ठा और अधिक धूमिल होगी।

Related Posts