मानगो में पानी की भारी किल्लत पर फूटा गुस्सा, टायर जलाकर किया प्रदर्शन

जमशेदपुर (मानगो)। भीषण गर्मी और पानी की गंभीर समस्या से परेशान मानगो के लोगों का सब्र अब जवाब देने लगा है। गुरुवार को पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने जवाहर नगर रोड नंबर 15 स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के बाहर टायर जलाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि यह आंदोलन “सोई हुई व्यवस्था को तपिश देकर जगाने” की कोशिश है।
विकास सिंह ने बताया कि मानगो नगर निगम के छत्तीस वार्डों में हजारों लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। कई इलाकों में नहाना तो दूर, पीने और खाना पकाने के लिए भी पानी नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि विधानसभा में दो नई मोटरों की खरीद और यूको बैंक के पास नई पानी टंकी के उद्घाटन की खबरों से लोगों को राहत की उम्मीद थी, लेकिन जमीनी हकीकत बिल्कुल अलग है – पानी की व्यवस्था पहले से भी ज्यादा बदहाल हो गई है।
विकास सिंह ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो मानगो के 36 वार्डों के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर उपायुक्त आवास के सामने ‘छत्तीस मटका फोड़’ प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सांकेतिक विरोध की शुरुआत है, अब जनता के धैर्य की परीक्षा और नहीं ली जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की निष्क्रियता ने हालात को इस मुकाम तक पहुंचा दिया है, और अगर तत्काल कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन उग्र रूप ले सकता है।