Regional

विधायक जगत माझी ने लगाया जनता दरबार, अबुआ आवास के लाभुकों ने बताई छत ढलाई की समस्या* 

 

 

चाईबासा/गोइलकेरा: मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री जगत माझी ने शुक्रवार को गोइलकेरा प्रखंड कार्यालय स्थित अपने कक्ष में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान विभिन्न पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे और विधायक से समाधान की मांग की।

 

जनता दरबार में विशेष रूप से अबुआ आवास योजना के दर्जनों लाभुक उपस्थित हुए, जिन्होंने आवास निर्माण में आ रही समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा। लाभुकों ने बताया कि निर्माण सामग्री की कीमतों में भारी वृद्धि और परिवहन खर्च में अधिकता के कारण उन्हें छत ढलाई कार्य में कठिनाई हो रही है। इस संदर्भ में लाभुकों ने छत की ढलाई के स्थान पर एस्बेस्टस शीट लगाने की अनुमति देने की मांग की।

 

विधायक जगत माझी ने लाभुकों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि वे इस मुद्दे को राज्य सरकार के समक्ष उठाएंगे और प्रयास करेंगे कि इस दिशा में कोई व्यावहारिक समाधान निकले। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य जरूरतमंदों को छत मुहैया कराना है, न कि उन्हें आर्थिक बोझ के नीचे दबाना।

 

इसी दरबार में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की वार्डेन सह शिक्षिका ने आवेदन सौंपते हुए हॉस्टल की टूटी चारदीवारी के पुनर्निर्माण, रेलिंग लगाने और हाई मास्ट लाइट की मांग रखी। विधायक ने उक्त मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।

 

जनता दरबार में अन्य ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल, सड़क और सरकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं से भी विधायक को अवगत कराया। कई मामलों में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) विवेक कुमार ने मौके पर ही समाधान करते हुए लोगों को राहत दी।

 

इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रखंड अध्यक्ष सह मुखिया श्री गणेश बोदरा, उप प्रमुख वरदान भुइयां, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष सोनाराम कोड़ाह, अकबर खान, प्रिंस खान, सुखमती बानरा, वसीम खान सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

 

जनता दरबार की इस पहल को ग्रामीणों ने सराहा और उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं के समाधान में इससे गति मिलेगी।

Related Posts