भाजपा का कांग्रेस पर हमला: “संविधान बचाओ” रैली नहीं, पाखंड रैली है कांग्रेस पर आदिवासी विरोध, भ्रष्टाचार और रोजगार में विफलता के गंभीर आरोप
चाईबासा: झारखंड में कांग्रेस द्वारा आयोजित “संविधान बचाओ” रैली पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा प्रहार किया है। पश्चिमी सिंहभूम जिला भाजपा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में मीडिया प्रभारी जितेंद्र नाथ ओझा ने इस रैली को “राजनीतिक पाखंड” बताया और कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।
भाजपा ने कहा कि जो पार्टी सत्ता में रहते हुए संविधान की मूल भावना, आदिवासी अधिकारों और जनहित की नीतियों की अनदेखी करती रही, अब वही संविधान बचाने की बात कर रही है – यह जनता के साथ धोखा है।
विज्ञप्ति में राज्य सरकार पर आदिवासी अस्मिता को मिटाने, बेरोजगारी बढ़ाने, भ्रष्टाचार फैलाने, विस्थापितों से वादाखिलाफी और धार्मिक स्थलों की उपेक्षा जैसे गंभीर आरोप लगाए गए। भाजपा ने यह भी कहा कि स्थानीय नीति लागू नहीं हो रही, बंद खदानों और निष्क्रिय योजनाओं के कारण युवाओं का भविष्य अंधकारमय है।
पार्टी ने स्पष्ट किया कि अब संविधान की रक्षा सत्ता नहीं, बल्कि जनता के जागरूक मत से होगी। उन्होंने भरोसा जताया कि झारखंड की जनता कांग्रेस और महागठबंधन सरकार को उनके पाखंड के लिए माफ़ नहीं करेगी।