लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर संगोष्ठी आयोजित भाजपा जिला कार्यालय में वक्ताओं ने किया पुण्यश्लोक अहिल्याबाई के आदर्शों का स्मरण

चाईबासा: भारतीय जनता पार्टी के पश्चिमी सिंहभूम जिला कार्यालय में पुण्यश्लोक लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जी की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में शनिवार को एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने उनके जीवन, त्याग, संघर्ष, सुशासन और राष्ट्र निर्माण में योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद श्री आदित्य साहू ने कहा, “अहिल्याबाई होल्कर एक युगप्रवर्तक महिला थीं, जिन्होंने 18वीं शताब्दी में सुशासन, सामाजिक न्याय और लोककल्याण की मिसाल कायम की। उनके द्वारा स्थापित प्रशासनिक मूल्य आज भी प्रासंगिक हैं।”
पूर्व मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्री बड़कुंवर गागराई ने कहा, “अहिल्याबाई ने यह सिद्ध कर दिया कि नारी भी कुशल प्रशासक और समाज सुधारक बन सकती है। उनका जीवन महिला सशक्तिकरण की सशक्त प्रेरणा है।”
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता जे.बी. तुबिद ने कहा, “आज जब समाज को सेवा, नैतिकता और आत्मबल की आवश्यकता है, तब अहिल्याबाई का जीवन हमें दिशा देता है।”
कार्यक्रम में पूर्व सांसद गीता कोड़ा, जिलाध्यक्ष संजू पांडेय, महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष मालती गिलुवा, पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश पुरी, जिला महामंत्री प्रताप कटियार, कार्यक्रम संयोजक रूपा सिंह, हेमंत केशरी समेत भाजपा के जिले एवं मंडल स्तर के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने अहिल्याबाई द्वारा देशभर में बनवाए गए मंदिरों, धर्मशालाओं, कुओं, घाटों व सार्वजनिक भवनों का उल्लेख करते हुए उन्हें “भारतीय सांस्कृतिक पुनर्जागरण की अग्रदूत” बताया।