मिक्स मार्शल आर्ट समर कैंप का शुभारंभ, पहले दिन बच्चों ने सीखा नन-चाकू चलाना दौड़ के साथ हुई शुरुआत, आत्मरक्षा और आत्मविश्वास बढ़ाने पर जोर

चाईबासा: सिंहभूम मार्शल आर्ट एकेडमी एवं आदिवासी उरांव समाज संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मिक्स मार्शल आर्ट समर कैंप का शुभारंभ रविवार को एक किलोमीटर की दौड़ के साथ हुआ। दौड़ तांबो चौक से प्रारंभ होकर गौशाला पार्क तक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
दौड़ के बाद गौशाला पार्क में बच्चों को नन-चाकू (एक पारंपरिक हथियार) चलाने की तकनीक सिखाई गई। इस अभ्यास का नेतृत्व सेंसाई विवेक खलखो ने किया। उन्होंने बताया कि यह समर कैंप चाईबासा के दो स्थानों – मोचीसाईं और तांबो चौक – में आगामी 3 जून तक चलेगा।
इस विशेष शिविर में बच्चों को कराटे, ताइक्वांडो और बॉक्सिंग जैसी प्रमुख मार्शल आर्ट विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कैंप का उद्देश्य बच्चों को विभिन्न मार्शल आर्ट के गुण और भिन्नताओं से परिचित कराना है, जिससे उनमें आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता के साथ-साथ आत्मविश्वास और इच्छाशक्ति का विकास हो सके।
सेंसाई विवेक ने यह भी कहा कि “आज के समय में बच्चों को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाना बेहद जरूरी है। यह कैंप न केवल उन्हें खेल के प्रति प्रेरित करेगा, बल्कि आत्मरक्षा के गुर भी सिखाएगा।”
शिविर की शुरुआत से ही बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला और आयोजकों ने इसे सफल बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील की है।