संविधान बचाना समय की पुकार है” – के. राजू, कांग्रेस की जिला स्तरीय रैली में उमड़ा जनसैलाब

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर : “आज देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती संविधान को बचाने की है। हमारे नेता राहुल गांधी इसी मिशन के साथ सड़क से संसद तक संघर्ष कर रहे हैं,” यह बात कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू ने शनिवार, 25 मई को साकची पार्किंग स्थल में आयोजित जिला स्तरीय संविधान बचाओ रैली में कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राहुल गांधी का संदेश घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया और कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की सेना, संविधान और आमजन के साथ मजबूती से खड़ी है।
पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में आयोजित रैली की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे ने की। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कांग्रेस को त्याग, तपस्या और बलिदान की परंपरा वाली पार्टी बताया। पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने झारखंड में सरना धर्म को मान्यता देने की मांग की, जबकि पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने केंद्र सरकार पर निजी संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाया। पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप बलमुचू ने कहा कि केंद्र सरकार आदिवासी समाज की उपेक्षा कर रही है।
रैली में सेना के शौर्य, शैक्षणिक आरक्षण और जातीय जनगणना को लेकर तीन प्रस्ताव पारित किए गए। संचालन संजय सिंह आज़ाद ने किया और प्रस्तावों का वाचन बलजीत सिंह बेदी ने किया।
रैली में राकेश्वर पाण्डेय, राकेश तिवारी, देविका सिंह, राजकुमार वर्मा, अपर्णा गुहा, नूरजहां वारसी, मो. शब्बीर, संजय घोष, बबुआ झा, शाहनवाज अहमद, शिल्पी चक्रवर्ती, संजय यादव सहित सैकड़ों कांग्रेसजन शामिल हुए।