सदर अस्पताल सरायकेला में युवक की संदिग्ध मौत पर हंगामा, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप*

न्यूज़ लहर संवाददाता
सरायकेला: जिले के सदर अस्पताल में सोमवार को एक युवक की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। मृतक के परिजनों और गम्हरिया प्रखंड के ग्रामीणों ने अस्पताल के मुख्य गेट को करीब डेढ़ से दो घंटे तक बंद कर दिया, जिससे आपातकालीन सेवाओं समेत सभी कार्य प्रभावित रहे। यह घटना दोपहर लगभग 1 बजे की है।
*क्या है मामला?*
मिली जानकारी के अनुसार, गम्हरिया प्रखंड के टेंटपोसी गांव निवासी 28 वर्षीय इरशाद को पेट दर्द की शिकायत के बाद सोमवार तड़के 3 बजे सरायकेला सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रारंभिक इलाज के बाद उसकी तबीयत में कुछ सुधार भी हुआ, लेकिन परिजनों के अनुसार सुबह 10:30 बजे एक इंजेक्शन दिए जाने के बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
*परिजनों का आरोप*
मृतक के परिजन और गम्हरिया के उपप्रमुख कियाम हुसैन ने आरोप लगाया कि इरशाद को गलती से जहरीला एंटी वेनम इंजेक्शन लगाया गया, जिससे उसकी जान गई। परिजनों का कहना है कि डॉक्टरों की लापरवाही और गलत इलाज के कारण इरशाद की मौत हुई है।
*अस्पताल प्रशासन का पक्ष*
घटना की जानकारी मिलने के बाद भी सिविल सर्जन मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया। सिविल सर्जन ने बाद में बयान जारी कर कहा कि अस्पताल में पर्याप्त इलाज की व्यवस्था है और किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती गई। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी स्तर पर कोई चूक पाई जाती है तो मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और अस्पताल का गेट खुलवाया। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और सिविल सर्जन से वार्ता के लिए ले गई।