जनसमस्याओं के समाधान के लिए कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान तेज, प्रखंड-मंडल स्तर पर आंदोलन की तैयारी

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर:पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर बारीडीह कांग्रेस कार्यालय में संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांग्रेस नेताओं ने जनसमस्याओं को लेकर प्रखंड एवं मंडल कमिटियों से सक्रिय आंदोलन की अपील की।
बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने कहा कि संगठन को प्रखंड स्तर पर और अधिक सशक्त एवं धारदार बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नए लोगों को संगठन से जोड़ते हुए जनहित की समस्याओं को चिन्हित कर चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाए, जिससे आम जनता को राहत मिल सके।
श्री दुबे ने मंडल अध्यक्षों से आग्रह किया कि वे संगठन का विस्तार करें और ज्यादा से ज्यादा नए सदस्यों को जोड़ें। साथ ही उन्होंने समाज के गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की मदद करने और उनके मुद्दों को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने सुझाव दिया कि चिन्हित जनसमस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाए और समाधान के लिए दबाव बनाया जाए।
दुबे ने यह भी कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा चलाए जा रहे संविधान बचाओ अभियान, जातीय जनगणना और सेना के शौर्य को सम्मान देने वाले अभियानों को पूरे जिले में मजबूती से लागू किया जाएगा।
बैठक में कई प्रमुख नेता उपस्थित थे जिनमें गोलमुरी प्रखंड अध्यक्ष अतुल गुप्ता, टेल्को प्रखंड अध्यक्ष राजेश कुमार, मंडल अध्यक्ष गुरुपदो गोराई, सीतारामडेरा मंडल अध्यक्ष विनोद यादव, महिला मंडल अध्यक्ष सुनीता ओझा, हरिहर प्रसाद आदि शामिल थे।
इस बैठक के माध्यम से कांग्रेस ने यह संकेत दिया कि वह संगठनात्मक मजबूती के साथ जनहित के मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतरने को तैयार है।