Regional

घाटशिला में ग़ायब हुए रोशन लाल गुप्ता: विधायक सरयू राय ने पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल

न्यूज़ लहर संवाददाता

जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने घाटशिला पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि घाटशिला के जिला पार्षद कर्ण सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने वाले रोशन लाल गुप्ता गुरुवार सुबह से लापता हैं और पुलिस इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे रही है।

विधायक सरयू राय ने बताया कि रोशन लाल गुप्ता उनके विधानसभा क्षेत्र के निवासी हैं और आज सुबह करीब आठ बजे उनके आवास पर आए थे। उन्होंने विधायक से कहा कि कर्ण सिंह उनके पुराने परिचित हैं और वे मामले को आगे न बढ़ाकर घाटशिला थाना जाकर आपसी सुलह करना चाहते हैं। इस पर विधायक ने गुप्ता को जाने की अनुमति दी और तत्काल इस संबंध में पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक तथा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक को सूचित भी किया।

सरयू राय के अनुसार, श्री गुप्ता जैसे ही घाटशिला थाना पहुंचे और सुलह की मंशा जताई, वैसे ही पुलिस इंस्पेक्टर के निर्देश पर एक अधिकारी उन्हें उनकी गाड़ी तक लेकर गया और वहीं से अन्यत्र ले गया। इसके बाद से न तो श्री गुप्ता का कोई अता-पता है और न ही उनके मोबाइल पर संपर्क हो पा रहा है। उनकी गाड़ी भी लापता बताई जा रही है।

विधायक ने बुधवार शाम करीब 7:45 बजे वरीय पुलिस अधीक्षक को फोन कर इस विषय में जानकारी ली और श्री गुप्ता की कुशलता को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा, “श्री गुप्ता के परिजन और मित्र बेहद चिंतित हैं। पुलिस का यह रवैया निंदनीय है और स्वस्थ प्रशासनिक कार्य संस्कृति के खिलाफ है।”

सरयू राय ने आशंका जताई कि कर्ण सिंह को जेल भेजने और सुलह नहीं होने देने के पीछे कोई गहरी साजिश हो सकती है। उन्होंने कहा कि रोशन लाल गुप्ता की गुमशुदगी और पुलिस की चुप्पी, दोनों ही अत्यंत संदिग्ध हैं।

उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि श्री गुप्ता की स्थिति और लोकेशन की तत्काल जानकारी सार्वजनिक की जाए और दोषी पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
विधायक ने यह भी स्पष्ट किया कि इस पूरे घटनाक्रम की जिम्मेदारी प्रशासन की है, क्योंकि श्री गुप्ता सुबह उनके आवास से सीधे थाने के लिए निकले थे और इस बात की जानकारी पुलिस को समय रहते दे दी गई थी।

घटना ने पूरे क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं और आमजन के बीच चिंता का माहौल है।

Related Posts