भाजपा बैठक में केंद्र सरकार की 11 साल की उपलब्धियों पर चर्चा, 6 जून को डीसी से मुलाकात कर शहर की समस्याओं पर करेंगे वार्ता

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर। भाजपा जमशेदपुर महानगर की बैठक शुक्रवार को साकची स्थित जिला कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने की। बैठक में जिला पदाधिकारी एवं सभी मोर्चा जिलाध्यक्ष शामिल हुए। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 11 वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में प्रदेश भाजपा द्वारा निर्देशित आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई और उनके क्रियान्वयन की योजना बनाई गई। इसके अलावा, सोशल मीडिया के सह संयोजक कौस्तव राय द्वारा दिए गए इस्तीफे को भी औपचारिक रूप से स्वीकार किया गया।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आगामी 6 जून को भाजपा जमशेदपुर महानगर का प्रतिनिधिमंडल जिला उपायुक्त से मिलकर शहर की ज्वलंत समस्याओं—खासकर ट्रैफिक अव्यवस्था और कानून-व्यवस्था की स्थिति—पर ध्यान आकृष्ट कराते हुए समाधान की मांग करेगा।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष संजीव सिन्हा, बबुआ सिंह, रेणु शर्मा, महामंत्री अनिल मोदी, संजीव सिंह, कोषाध्यक्ष कृष्णा शर्मा काली, कार्यालय प्रभारी सुबोध झा, आईटी सेल प्रभारी बिनोद सिंह, सह प्रभारी उज्वल सिंह, मीडिया सह प्रभारी अखिलेश सिंह, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष मंजीत सिंह, एससी मोर्चा अध्यक्ष रमेश बास्के, एसटी मोर्चा अध्यक्ष पोरेश मुखी, किसान मोर्चा जिला महामंत्री दीपू शर्मा समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।