Crime

बाइक की टक्कर से राजमिस्त्री युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम*

न्यूज़ लहर संवाददाता
चक्रधरपुर। पश्चिम सिंहभूम जिला स्थित चक्रधरपुर-टोकलो मुख्य मार्ग के जोडो गांव के पास गुरुवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मुर्शिदाबाद निवासी युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रानी नगर थाना, जयपुर जिला, मुर्शिदाबाद के 30 वर्षीय अकबर शेख के रूप में हुई है, जो अपने पिता भादो शेख के साथ चक्रधरपुर के जोडो गांव में रहकर राजमिस्त्री का काम करता था।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब साढ़े 9 बजे अकबर शेख खाना खाने के बाद सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बाइक, जिस पर चार लोग सवार थे, ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अकबर शेख सिर के बल सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही शुक्रवार सुबह चक्रधरपुर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मृतक के पिता भादो शेख ने बताया कि वह अपने बेटे के साथ मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। बेटे की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे एक बेटी और एक बेटा छोड़ गया है। बेटे की मौत से पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Posts