Crime

सारंडा में नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़, कोबरा जवान सुनील कुमार टी०एस० घायल

न्यूज़ लहर संवाददाता
चाईबासा। पश्चिम सिंहभूम जिला के सारंडा/कोल्हान क्षेत्र में प्रतिबंधित नक्सली संगठन भा०क०पा० (माओ०) के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन, पिंटु लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा उर्फ अपटन, जयकांत और रापा मुंडा अपने दस्ते के साथ विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने के इरादे से सक्रिय हैं। इसे ध्यान में रखते हुए चाईबासा पुलिस, कोबरा 203 व 209 बटालियन, झारखंड जगुआर और सी०आर०पी०एफ० 26, 60, 134, 193 और 197 बटालियन की संयुक्त टीम गठित कर लगातार नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। विश्वस्त सूचना के आधार पर 4 मार्च 2025 से छोटानागरा एवं जराईकेला थाना क्षेत्र के सीमावर्ती जंगल व पहाड़ी इलाकों में विशेष संयुक्त अभियान प्रारंभ किया गया। आज 30 मई 2025 को दोपहर लगभग 12 बजे जराईकेला थाना अंतर्गत तिरिलपोसी के जंगल में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। भारी दबाव के चलते नक्सली भाग निकले। सर्च अभियान में विस्फोटक, वर्दी और दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद कर जब्त की गई। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा पूर्व में लगाए गए आईईडी विस्फोट में कोबरा 209 बटालियन के सी०टी०/ जी०डी० सुनील कुमार टी०एस० घायल हो गए। घायल जवान की स्थिति स्थिर है और प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु अस्पताल भेजा गया। अभियान जारी है।

Related Posts