सेल मेघाहातुबुरु के सहायक महाप्रबंधक एन. के. विश्वास को दी गई भावभीनी विदाई
गुवा
सेल के मेघाहातुबुरु खंड में सहायक महाप्रबंधक पद पर कार्यरत एनके विश्वास को झारखंड मजदूर संघर्ष संघ द्वारा एक भावुक समारोह के माध्यम से विदाई दी गई। अपने कार्यकाल के अंतिम दिन कार्यालय परिसर में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में यूनियन पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर उन्हें भावभीनी विदाई दी। श्री विश्वास आज से औपचारिक रूप से सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया गया और केक काटकर उनके दीर्घायु, पारिवारिक सुख-शांति एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई। कार्यक्रम की शुरुआत यूनियन पदाधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ देकर की गई। इसके बाद एक केक काटा गया, जो श्री विश्वास के सम्मान में तैयार किया गया था। माहौल भावनात्मक था-एक ओर संगठन को उनके सेवामुक्त होने का गर्व था,
तो दूसरी ओर एक समर्पित अधिकारी के जाने की टीस। इस दौरान महाप्रबंधक योगेश प्रसाद राम, महाप्रबंधक एके पटनायक तथा यूनियन के महासचिव अफताब आलम ने श्री विश्वास के व्यक्तित्व और सेवाभाव को याद करते हुए उन्हें एक अनुकरणीय अधिकारी बताया। उन्होंने कहा कि श्री विश्वास केवल एक प्रशासक या अधिकारी नहीं थे, बल्कि वे एक सजग सेवक के रूप में हमेशा कर्मचारियों और मजदूरों के हित में कार्य करते रहे। उनका व्यवहार सादगीपूर्ण, सहयोगात्मक और प्रेरणादायक रहा है। वे अच्छे स्पोर्ट्समैन भी हैं, सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी करते रहे हैं और उनके जैसी सकारात्मक सोच रखने वाले अधिकारियों की आवश्यकता हमेशा रहेगी। इस कार्यक्रम में यूनियन के कई वरिष्ठ और सक्रिय सदस्य उपस्थित थे, जिनमें जे अहमद,श्री रेड्डी,आलोक वर्मा,रोहित टोप्पो,दयानंद कुमार,जगजीत सिंह गिल,आलम अंसारी, शशि नाग,फैजुद्दीन, तोड़ीत गोराई,अजीत गोप सहित कई अन्य कर्मचारीगण शामिल थे।