जमशेदपुर में 4 जून को होगी पर्यावरण जागरुकता प्रतियोगिता, तैयारियां पूरी*
न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर।शहर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरुकता बढ़ाने के उद्देश्य से मासिक पत्रिका ‘युगांतर प्रकृति’ और ‘स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट’ के संयुक्त तत्वावधान में 4 जून को पर्यावरण जागरुकता प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन समिति के सदस्यों अशोक गोयल, आशुतोष राय, एसपी सिंह और पवन सिंह ने बताया कि जिन बच्चों का अब तक पंजीकरण नहीं हो पाया है, वे 4 जून को दोपहर 1:30 बजे तक राजेंद्र विद्यालय, साकची पहुंचकर ऑन द स्पॉट रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। दोपहर 2 बजे से चित्रांकन, भाषण और क्विज प्रतियोगिताएं शुरू हो जाएंगी। प्रतियोगिता शुरू होने के बाद किसी भी प्रकार का रजिस्ट्रेशन नहीं होगा। प्रतियोगिता के निष्पक्ष संचालन के लिए 15 सदस्यीय ज्यूरी का गठन किया गया है, जिसमें चित्रकला, भाषण और क्विज के लिए अलग-अलग विशेषज्ञ शामिल हैं। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कोल्हान विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. अंजिला गुप्ता होंगी, जबकि अध्यक्षता विधायक सरयू राय करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में दिनेश मिश्र और बी. चंद्रशेखरन तथा सम्मानित अतिथि के रूप में डॉ. डी. पी. शुक्ला और प्रज्ञा सिंह उपस्थित रहेंगे। मुख्य कार्यक्रम शाम 5 बजे से प्रारंभ होगा।