आदिवासी मित्र मंडल ने विश्व पर्यावरण दिवस पर लिया प्लास्टिक मुक्त समाज का संकल्प
चाईबासा/चक्रधरपुर: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आदिवासी युवा मित्र मंडल, चक्रधरपुर द्वारा पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर संगठन ने “प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करने” का संकल्प लिया और स्थानीय देशाउली (पूजा स्थल) में वृक्षारोपण कर पर्यावरण की रक्षा का संदेश दिया।
कार्यक्रम में संगठन के सदस्यों सहित स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि मंटू गागराई ने छात्र-छात्राओं को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से अवगत कराया और पर्यावरण की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
इस मौके पर 24 मई को आयोजित निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में सुशीला जोंको ने प्रथम, अरुण सोय ने द्वितीय तथा लक्ष्मी बोदरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीनों को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
सभी प्रतिभागियों और उपस्थित लोगों ने पर्यावरण को स्वच्छ रखने तथा प्लास्टिक का उपयोग कम करने की शपथ ली। वक्ताओं ने प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला और इसके विकल्पों पर चर्चा की।
कार्यक्रम में आदिवासी युवा मित्र मंडल के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा, सचिव रबिन्द्र गिलुवा, सह कोषाध्यक्ष विवेक बंकीरा, उपाध्यक्ष विशाल मुंडा, सह सचिव निशीथ सिंह मुंडा और मनीष बंदिया सहित समिति के कई सदस्य उपस्थित थे। आयोजन में सुखराज सुरीन, देवा मुर्मू, सरस्वती कुदादा, विजय मेलगंडी, अमर सिंह जमुदा, प्रेम सोय, आकाश रवानी, योगेंद्र मुंडरी ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
स्थानीय लोगों ने संगठन की इस पहल की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों की मांग की। आदिवासी युवा मित्र मंडल ने यह संकल्प लिया कि आने वाले समय में और अधिक जागरूकता अभियान चलाकर पर्यावरण को सुरक्षित और स्वच्छ बनाने का प्रयास जारी रहेगा।