Regional

चाईबासा की दो कराटे खिलाड़ी देहरादून में दिखाएंगी दमखम* 

 

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा शहर की दो होनहार कराटे खिलाड़ी अब राष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहराने के लिए तैयार हैं। जापान कराटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया (झारखंड, चाईबासा ब्रांच) के अंतर्गत संत जेवियर वेलफेयर सेंटर, चाईबासा में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रही सुप्रिया कुमारी और भाविनी कुमारी का चयन ऑल इंडिया नेशनल कराटे चैंपियनशिप के लिए हुआ है, जो 11 जून से 15 जून 2025 तक देहरादून में आयोजित की जाएगी।

 

यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन (KIO) द्वारा आयोजित की जा रही है, जिसे एशियन कराटे फेडरेशन एवं वर्ल्ड कराटे फेडरेशन से मान्यता प्राप्त है। दोनों खिलाड़ियों का चयन हाल ही में खेलगांव, रांची में आयोजित झारखंड स्टेट कराटे चैंपियनशिप में उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर किया गया।

 

चयनित खिलाड़ियों में से

सुप्रिया कुमारी ने सब-जूनियर गर्ल्स कैटेगरी (-41 किलोग्राम) में काता और कुमीते दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीते,

जबकि भाविनी कुमारी ने जूनियर गर्ल्स कैटेगरी (-54 किलोग्राम, कुमीते) में स्वर्ण पदक हासिल किया।

 

उल्लेखनीय है कि इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पश्चिमी सिंहभूम ने कुल 6 स्वर्ण पदक प्राप्त किए थे, जिनमें तीन गर्ल्स और तीन बॉयज कैटेगरी से आए थे।

 

दोनों खिलाड़ी 9 जून को चाईबासा से देहरादून के लिए रवाना होंगी। इनकी सफलता के लिए स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन ऑफ वेस्ट सिंहभूम के समस्त पदाधिकारियों एवं जिले के गणमान्य नागरिकों ने शुभकामनाएं दी हैं।

 

इस जानकारी की पुष्टि करते हुए एसोसिएशन के अध्यक्ष सेंसाई पंकज कुमार सिंह ने कहा कि, हमारी बेटियों ने जिले का नाम रोशन किया है। हमें गर्व है कि वे अब राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।

Related Posts