जिला परिषद सदस्य करण सिंह को मिली जमानत, पुलिस के कमजोर सबूतों के कारण कोर्ट ने दी राहत

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला स्थित घाटशिला कोर्ट ने गुरुवार को जिला परिषद सदस्य करण सिंह को जमानत दे दी। करण सिंह के खिलाफ एक बिल्डर ने रंगदारी समेत कई संगीन धाराओं में केस दर्ज कराया था, जिसके बाद उन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि, अदालत में सुनवाई के दौरान पुलिस उनके खिलाफ ठोस सबूत पेश नहीं कर सकी, जिसके चलते कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी। इस मामले में राजनीतिक हलकों में काफी हंगामा भी हुआ था। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय सहित अन्य राजनीतिक दलों ने पुलिस के विरुद्ध आन्दोलन शुरू कर दी थी। पुलिस पर पक्षपात करने के भी आरोप लगे थे। खासकर घाटशिला थाना प्रभारी पर शिकायत कर्ता को अपने कब्जे में लेकर समझौता से रोकने के आरोप लगे। अंततः पुलिस की कमजोर दलीलों के चलते करण सिंह को राहत मिल गई।